केंद्र सरकार ने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ती अश्लीलता को लेकर चिंता जताई है। संसद की सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी स्थायी समिति कल इस मुद्दे पर बैठक करने जा रही है।

सरकार इस बैठक के माध्यम से संकेत दे रही है कि आने वाले समय में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर दिखाए जा रहे कंटेंट को लेकर कड़े नियम लागू हो सकते हैं।
ओटीटी पर बढ़ती अश्लीलता मुद्दे पर सुबह 11 बजे बैठक होने जा रही है। इस बैठक में उल्लू जैसे ऐप्स पर दिखाए जा रहे कंटेंट को लेकर चर्चा होगी। बैठक में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव के भी शामिल होने की संभावना है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे इस समिति के अध्यक्ष हैं। इस मुद्दे पर वह पहले ही कड़ा रुख अपना चुके हैं। बैठक में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव के भी शामिल होने की संभावना है। संसदीय समिति इस बैठक में सरकार से सवाल पूछने के साथ ठोस कार्रवाई की मांग भी करेगी।
सांसद निशिकांत दुबे ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- “यह नहीं चलेगा, हमारी कमेटी इस पर कार्रवाई करेगी। यह मोदी सरकार है, अब इंतजार कीजिए।”
समिति के सदस्यों का कहना है कि उल्लू की तरह ही कई अन्य ऐप्स भी बिना किसी सेंसरशिप के लगातार बोल्ड और अश्लील कंटेंट परोस रहे हैं। उन्होंने इसे समाज और युवाओं पर गलत प्रभाव डालने वाला बताया।
बैठक में इस प्रकार के कंटेंट के खिलाफ सख्त नीतिगत और कानूनी उपायों पर विचार किया जाएगा। समिति के सदस्यों का कहना है कि ये प्लेटफॉर्म्स भारतीय सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए खतरा हैं।














