20वीं सदी के प्रसिद्ध स्पेनिश कलाकार पाब्लो पिकासो की एक लघु पेंटिंग उस समय चोरी हो गई जब उसे एक प्रदर्शनी में ले जाय जाना था। इसके गायब होने के बाद से स्पेनिश पुलिस इसकी जांच कर रही है।

रायटर की खबर के अनुसार, प्रदर्शनी का आयोजन करने वाले फाउंडेशन का कहना है कि 1919 में बनाई गई पाब्लो पिकासो की एक पेंटिंग दक्षिणी स्पेन के शहर ग्रेनाडा में एक अस्थायी प्रदर्शनी में प्रदर्शित होने से पहले ही गायब हो गई, जिसके बाद पुलिस जांच शुरू कर दी गई है।
काजाग्रानडा फाउंडेशन ने अपने बयान में कहा कि गायब हुई कलाकृति – “स्टिल लाइफ विद गिटार” शीर्षक वाली एक छोटी फ्रेम वाली गौचे कलाकृति – मैड्रिड से अंडालूसी शहर में “स्टिल लाइफ। द एटरनिटी ऑफ द इनर्ट” प्रदर्शनी के लिए लाई गई कलाकृतियों की एक बड़ी खेप का हिस्सा थी।
फाउंडेशन ने शुक्रवार को पुष्टि की कि एक निजी संग्रहकर्ता के स्वामित्व वाली और 13 x 10 सेंटीमीटर (5 x 4 इंच) की इस पेंटिंग का 600,000 यूरो (700,000 डॉलर) का बीमा कराया गया था।
यह शिपमेंट शुक्रवार 3 अक्टूबर की सुबह काजाग्रानाडा सांस्कृतिक केंद्र में पहुंचाया गया। अगले सोमवार तक इस नुकसान का पता नहीं चला, जब प्रदर्शनी के क्यूरेटर और फाउंडेशन के प्रदर्शनी प्रमुख ने बक्से खोलना शुरू किया।
फाउंडेशन ने कहा, “चूंकि सभी पैकेजों पर सही संख्या अंकित नहीं थी, इसलिए उन्हें खोले बिना पूरी जांच करना संभव नहीं था।” काजाग्रानाडा फाउंडेशन ने कहा कि उसने उस सप्ताहांत के सुरक्षा फुटेज की समीक्षा की है और पुष्टि की है कि उस दौरान “कोई घटना नहीं घटी”।
पेंटिंग के गायब होने का पता चलने पर फाउंडेशन ने स्पेन की राष्ट्रीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। संगठन ने कहा कि उसने जांचकर्ताओं को अपने सभी संसाधन उपलब्ध करा दिए हैं तथा मामले को सुलझाने में अधिकारियों की क्षमता पर विश्वास व्यक्त किया है।
बताते चलें कि लघु चित्रकला एक प्राचीन चित्रकला शैली है जो विशेष रूप से ईरान, तुर्की, मध्य एशिया और उपमहाद्वीप में बहुत लोकप्रिय थी। यह अपनी उत्कृष्ट और नाजुक कारीगरी के लिए जानी जाती है। इसमें आमतौर पर ऐतिहासिक घटनाओं, शाही दरबारों, युद्ध के दृश्यों और कहानियों को दर्शाया जाता है।
इसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है पेंटिंग के लिए कागज तैयार करना, जिसके लिए विभिन्न प्रकार के कागज की परतों को नियमित रूप से एक साथ चिपकाकर कैनवास तैयार किया जाता है।









