लखनऊ: कोरोना संक्रमण बढ़ते मामलों के बीच उत्तर प्रदेश के सभी स्कूल-कॉलेज अब 6 फरवरी तक बंद रहेंगे। इस दौरान ऑनलाइन कक्षाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति की समीक्षा करने के बाद स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया था। अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बीते रोज़ सभी मंडलायुक्तों, एडीजी, पुलिस आयुक्तों, आईजी, डीआईजी, जिलाधिकारियों व पुलिस कप्तानों को पत्र भेजकर शैक्षणिक संस्थानों को छह फरवरी तक तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले इन संस्थानों को 30 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया गया था।
शीतकालीन अवकाश के कारण प्रदेश में आठवीं तक की कक्षाएं 31 दिसंबर 2021 से 14 जनवरी 2022 तक पहले से बंद थीं। फिर 16 जनवरी से सभी शैक्षिक संस्थानों को बंद कर दिया गया.
ज्ञात हो कि यूपी में बीते 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 7907 नए रोगी मिले हैं. वहीं 14993 मरीज स्वस्थ हुए हैं. नए मिल रहे मरीजों के मुकाबले कहीं ज्यादा रोगी स्वस्थ होने के कारण सक्रिय केस घटकर 65263 रह गए हैं। 17 जनवरी को प्रदेश में तीसरी लहर में सर्वाधिक 1.06 लाख सक्रिय केस थे।इस बीच राज्य में संक्रमण दर घटकर 4.3 प्रतिशत रह गई है।
स्थिति पर काबू पाने के लिए प्रदेश में टीकाकरण भी तेज गति से चल रहा है। 18 वर्ष से अधिक लोंगों को कुल पहली डोज 14 करोड़ 57 लाख 80 हजार 643 दी गई, जबकि दूसरी डोज 9 करोड़ 95 लाख 44 हजार 146 दी गई है। इसी तरह 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के अब तक 8733333 को प्रथम डोज और 1049732 प्रीकॉशन डोज दी गयी है। अब तक कुल 25 करोड़ 51 लाख सात हजार 854 डोज दी जा चुकी है।