दुनिया की बेहद लोकप्रिय वीडियो स्ट्रीमिंग कंपनी नेटफ्लिक्स और अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अंतरिक्ष प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी पेश की है।

एक साझेदारी की घोषणा करते हुए दोनों संगठनों ने अब उपयोगकर्ता नेटफ्लिक्स पर रॉकेट लॉन्च, अंतरिक्ष यात्री स्पेसवॉक और इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से पृथ्वी के नज़ारे लाइव दिखाने का ज़िम्मा उठाया है।
नेटफ्लिक्स ने अपने ब्लॉग पोस्ट में घोषणा की है कि चाहे आप अंतरिक्ष के दीवाने हों या फिर 250 मील ऊपर से पृथ्वी की चमक देखना पसंद करते हों, इन सभी के शौकीनों के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
यह साझेदारी नासा के नए NASA+ फीड के तहत शुरू की जा रही है, जो न केवल नेटफ्लिक्स पर बल्कि NASA.gov वेबसाइट और NASA के मोबाइल ऐप पर भी मुफ़्त में उपलब्ध होगी।
NASA+ के ज़रिए दर्शकों को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से शानदार नज़ारे, अंतरिक्ष यात्री स्पेसवॉक और रॉकेट लॉन्च की लाइव कवरेज से लेकर सब कुछ देखने को मिलेगा।
NASA+ की महाप्रबंधक रेबेका सरमन्स ने कहा कि 1958 के अंतरिक्ष अधिनियम के तहत, हमारी जिम्मेदारी है कि हम अंतरिक्ष अन्वेषण की कहानी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने आगे कहा कि यह फीड नई पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए डिज़ाइन की गई है, चाहे वे अपने लिविंग रूम में बैठे हों या अपने मोबाइल फोन पर, और इस साझेदारी का उद्देश्य दुनिया भर के दर्शकों तक जटिल अंतरिक्ष-संबंधी जानकारी को आकर्षक तरीके से पहुंचाना है।
नेटफ्लिक्स के पास दिसंबर 2024 तक के आंकलन के मुताबिक़, 300 मिलियन से अधिक ग्राहक हैं। दोनों का यह प्रोजेच वैश्विक स्तर पर नासा की सामग्री को एक नया आयाम देगा।
नेटफ्लिक्स ने इस महीने फ्रांसीसी प्रसारक TF1 के साथ एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किए, जो पारंपरिक प्रसारक के साथ नेटफ्लिक्स का पहला सहयोग है।समझौते के तहत, ग्राहक 2026 की गर्मियों में TF1 के पांच टीवी चैनलों और स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म तक पहुँच सकेंगे।
यह साझेदारी नेटफ्लिक्स की हालिया नीतियों का ही एक हिस्सा है, जिसके तहत इसने 2024 के अंत में दो NFL गेम और जेक पॉल बनाम माइक टायसन बॉक्सिंग फाइट का भी सीधा प्रसारण किया, जो सभी नेटफ्लिक्स की पारंपरिक स्ट्रीमिंग सामग्री से अलग एक नई दिशा को चिह्नित करते हैं।















