इस समय पूरा उत्तर भारत घने कोहरे के साथ बर्फीली हवाओं की चपेट में है। बीते दिन की हलकी धूप के बाद आज का मौसम और भी ठिठुरन भरा है। मौसम विभाग ने 35 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में कई जिलों में दृश्यता शून्य रही।

लखनऊ में स्कूल अब सुबह 9 बजे से खुलेंगे
स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए राजधानी लखनऊ में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब लखनऊ में सभी बोर्डों के विद्यालय सुबह 9 बजे से खुलेंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिम भारत और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात तथा ऊपरी हवा के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। निचले वायुमंडल में व्युत्क्रम परत बनने से दिन के अधिकांश समय दृश्यता कम रही। अगले तीन दिनों तक कमोबेश ऐसा ही माैसम रहने वाला है।
प्रदेश के 12 जिलों में शीतदिवस की चेतावनी दी गई है। इस दौरान कोहरे की चादर की वजह से यातायात प्रभावित हुआ और कई जिलों में स्कूलों का समय बदलना पड़ा।
माैसम विभाग की ओर से शुक्रवार के लिए प्रदेश के 35 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़ समेत 12 जिलों के लिए अत्यधिक शीतदिवस की चेतावनी जारी की गई है। अत्यधिक शीत दिवस की स्थिति तब होती है जब दिन के पारे में सामान्य से 6.5 डिग्री या इससे अधिक की गिरावट के आसार हों।
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और गलन भरी ठंड के चलते सर्दी हावी रही। प्रदेश में कानपुर, आगरा, दिल्ली और उत्तराखंड से सटे जिलों समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में घने कोहरे के साथ चुभती हुई ठंडी पछुआ हवाएं चलीं।
प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीते दिन प्रदेश में घने कोहरे के कारण जिन जगह पर दृश्यता शून्य रही उनमे आगरा, बरेली, गोरखपुर, कुशीनगर, प्रयागराज और कानपुर हैं। इस दौरान बलिया में 10 मीटर, बहराइच में 20 मीटर और हरदोई में दृश्यता 30 मीटर तक रही।
जिन जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट है उनमे कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बतिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अंबेडकर नगर, आगरा, इटावा, औरैया, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर व आसपास के इलाके हैं।
इसके अलावा जिन जिलों में दिन के पारे में बड़ी गिरावट के आसार हैं उनमें प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर व आसपास के इलाकों में।













