एच-1बी वीजा के लिए इंटरव्यू अक्तूबर तक टलने से भारतीयों की समस्या बढ़ी

भारतीय आवेदकों की अमरीकी वीज़ा से जुड़ी मुश्किलें बढ़ गई हैं। अमरीका में एच-1बी और एच-4 वीजा के इंटरव्यू अक्तूबर, 2026 तक टलने की खबर है। यहाँ अपॉइंटमेंट अचानक रद्द होने से नौकरी और पारिवारिक जीवन पर संकट गहरा गया है।

एच-1बी वीजा के लिए इंटरव्यू अक्तूबर तक टलने से भारतीयों की समस्या बढ़ी

एच-1बी और उससे जुड़े एच-4 वीजा के इंटरव्यू अक्तूबर, 2026 तक टाल दिए जाने से अमरीका में काम कर रहे और वहां नौकरी की तैयारी कर रहे भारतीयों के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। लंबे इंतजार के कारण कई लोगों की नौकरियों, करियर और पारिवारिक जीवन पर सीधा असर पड़ रहा है। बड़ी संख्या में भारतीय आवेदक असमंजस में हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमरीकी अधिकारियों के का कहना है कि वीजा प्रक्रिया में देरी की मुख्य वजह सोशल मीडिया स्क्रीनिंग का दायरा बढ़ाया जाना है। अब वीजा आवेदकों के सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहले से ज्यादा गहन जांच की जा रही है। इस अतिरिक्त जांच में ज्यादा समय लग रहा है, जिससे वीजा दिए जाने की रफ्तार धीमी हो गई है।

ख़बरों के अनुसार, आवेदकों में भारी निराशा है।अमरीका में काम करने के लिए जिन भारतीयों ने एच-1बी वीजा और परिवार के सदस्यों के लिए एच-4 वीजा का आवेदन किया था, उनकी इंटरव्यू तारीखें बार-बार आगे बढ़ाई जा रही हैं। यह इंटरव्यू पहले दिसंबर में होना था जो अब मार्च, 2026 तक टाल दिया गया। यही नहीं कुछ आवेदकों को फरवरी और मार्च की तारीखें दी गईं, लेकिन अब उन्हें भी अक्तूबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

अमरीकी अधिकारी मानते हैं कि सुरक्षा कारणों से यह प्रक्रिया जरूरी है, लेकिन इससे वीजा आवेदकों की परेशानी भी बढ़ गई है। इस फैसले का सबसे ज्यादा प्रभाव उन भारतीय पेशेवरों पर पड़ा है, जो अमरीका में नौकरी कर रहे थे और वीजा नवीनीकरण या स्टांपिंग के लिए भारत आए हुए हैं। ऐसे में इंटरव्यू रुक जाने के कारण वे अमरीका वापस नहीं जा पा रहे हैं। कई लोग महीनों से अपने परिवार से दूर हैं। कुछ मामलों में कंपनियों ने कर्मचारियों की जॉइनिंग टाल दी है, तो कहीं नौकरी जाने का खतरा भी पैदा हो गया है।

मौजूदा हालत में यह साफ नहीं है कि वीजा इंटरव्यू की प्रक्रिया सामान्य कब होगी। जबकि अमरीकी अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अतिरिक्त जांच पूरी होने के बाद ही प्रक्रिया में तेजी आएगी। ऐसे में बड़ी संख्या में भारतीय आवेदकों को इंतजार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *