पेरिस डायमंड लीग में जूलियन वेबर और दो बार के विश्व चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स को नीरज चोपड़ा ने शिकस्त दे दी। इस जीत के साथ उन्होंने आखिरकार सत्र का पहले बड़ा खिताब भी हासिल कर लिया।

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने देर रात तक चले मुकाबले के बाद आखिरकार सत्र के पहले बड़े खिताब को हासिल कर ही लिया। उन्होंने पीछे छोड़ते हुए ये खिताब हासिल किया। गौरतलब है कि भाला फेंक स्पर्धा में कुल आठ दावेदार थे जिनमें पांच 90 मीटर का आंकड़ा छू चुके हैं।
इससे पहले 27 वर्षीय नीरज पेरिस डायमंड लीग में दो बार लगातार दूसरे स्थान पर रहे थे। भारतीय भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को पेरिस डायमंड लीग में जर्मनी के जूलियन वेबर को पछाड़ते हुए दो वर्षों बाद अपना पहला डायमंड लीग खिताब जीता। इससे पहले नीरज चोपड़ा ने अपनी पहले ही प्रयास में शानदार थ्रो करते हुए 88.16 मीटर दूर भाला फेंक कर खिताब अपने नाम किया।
नीरज की दूसरी कोशिश 85.10 मीटर रही। इसके बाद उनके अगले तीन थ्रो फाउल गए। नीरज ने अपने अंतिम प्रयास में 82.89 मीटर की दूरी तय की। यह पेरिस डायमंड लीग में चोपड़ा की पहली जीत है। उन्होंने 2017 में बतौर जूनियर वर्ल्ड चैंपियन यहां हिस्सा लिया था पांचवें स्थान पर आए थे।
अपने पहले प्रयास में जूलियन वेबर ने भी शानदार 87.88 मीटर भाला फेंका, लेकिन वे दूसरे स्थान पर रहे। ब्राज़ील के लुइज़ मौरिसियो दा सिल्वा तीसरे स्थान पर रहे, जिनकी सर्वश्रेष्ठ कोशिश तीसरे राउंड में 86.62 मीटर दूरी की रही।
31 वर्षीय वेबर ने 16 मई को दोहा डायमंड लीग में 91.06 मीटर का आखिरी थ्रो फेंककर पहला स्थान हासिल किया। नीरज 90.23 मीटर से ऊपर का थ्रो फेंककर दूसरे स्थान पर रहे। इसके बाद 23 मई को वेबर ने पोलैंड में जानुज कुसोसिंकी मेमोरियल स्पर्धा में भी चोपड़ा को हराया था। इस बार वेबर ने 86.12 मीटर और चोपड़ा ने 84.14 मीटर का थ्रो फेंका था। हालाँकि पीटर्स दोनों बार तीसरे स्थान पर रहे।
पेरिस डायमंड लीग में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में नीरज और वेबर के अलावा जिन तीन अन्य खिलाड़ियों ने पहले 90 मीटर का आंकड़ा छुआ था उनमें कीनिया के 2015 विश्व चैंपियन जूलियस येगो, त्रिनिदाद और टोबैगो के 2012 के ओलंपिक स्वर्ण विजेता केशोर्न वाल्कोट और ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स शामिल थे। वाल्कोट (81.66 मीटर) चौथे स्थान पर रहे, जबकि पीटर्स (80.29 मीटर) और येगो (80.26 मीटर) ने क्रमश: पांचवां और छठा स्थान हासिल किया।
नीरज चोपड़ा अब पेरिस डायमंड लीग के बाद 24 जून से चेक गणराज्य के ओस्ट्रावा में गोल्डन स्पाइक एथलेटिक्स मीट में भाग लेंगे। इसके बाद पांच जुलाई को बेंगलुरू में नीरज चोपड़ा क्लासिक खेलेंगे।















