नायब सैनी संभालेंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की कमान

हरियाणा में आज नई सरकार का गठन हो रहा है। नायब सिंह सैनी एक बार फिर से हरियाणा के मुख्यमंत्री की ज़िम्मेदारी सँभालने जा रहे हैं। भाजपा ने उनके नेतृत्व में ही हरियाणा में चुनाव लड़ा और पूर्ण बहुमत के साथ में सत्ता वापसी की। इसके साथ ही आज कैबिनेट मंत्री भी शपथ ग्रहण करेंगे।

नायब सैनी संभालेंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की कमान

शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। हरियाणा में बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। नायब सिंह सैनी इससे पहले12 मार्च 2024 को हरियाणा की बागडोर संभाल चुके हैं।

गौरतलब है कि हरियाणा में मुख्यमंत्री सहित कुल 14 मंत्री बनाने का प्रावधान है। खबरों के मुताबिक़ नायब सैनी 10 ही मंत्रियों के साथ शपथ ले सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक़ फरीदाबाद से विधायक विपुल गोयल, श्रुति चौधरी, गौरव गौतम, अनिल विज, राव नरबीर सिंह, कृष्ण लाल पंवार, कृष्ण बेदी रणबीर, महिपाल ढांडा, श्याम सिंह राणा का मंत्री बनना तय बताया जा रहा है। इन सभी को फोन के ज़रिए सूचना भी दी जा चुकी है।

शपथ समारोह में शामिल होने के लिए हरियाणा के सभी 22 जिलों से भाजपा कार्यकर्ता सहित आम लोग भी पंचकूला पहुंच रहे हैं। इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए हरियाणा रोडवेज की 2015 बसें लगाई गई है। इस संबंध में राज्य के सभी जिला महाप्रबंधकों को परिवहन निदेशालय की ओर से पत्र जारी करके निर्देश दिए गए हैं।

इस चुनाव में भाजपा को कुल 48 सीटें मिली हैं जबकि कांग्रेस 37 सीटों पर जीत हासिल कर सकी है। नायब सिंह सैनी हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। वह 2019 में सांसद भी चुने गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *