दुनिया भर में मशहूर यू ट्यूबर जिमी डोनाल्डसन, जिन्हें मिस्टरबीस्ट (MrBeast) के नाम से जाना जाता है, वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म यू ट्यूब पर 500 मिलियन यानी 50 करोड़ सब्सक्राइबर तक पहुंचने वाले पहले यू ट्यूबर बन गए हैं।
मिस्टरबीस्ट के इतने सारे सब्सक्राइबर में से, लगभग 40 प्रतिशत 13 से 17 साल की उम्र के हैं, और 20 प्रतिशत 18 से 24 साल की उम्र के हैं। गौरतलब है कि नवंबर 2022 में, वह सबसे ज़्यादा सब्सक्राइबर वाले डिजिटल क्रिएटर बने, जिसके बाद जून 2024 में, उन्होंने यू ट्यूब पर सभी चैनलों को पीछे छोड़ दिया और वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म पर सबसे ज़्यादा सब्सक्राइबर वाले डिजिटल क्रिएटर बन गए।
मिस्टरबीस्ट की लोकप्रियता की एक बड़ी वजह यह है कि वे ऑनलाइन वीडियो को किसी बड़े इवेंट जैसा बना पेश करने के कलाकार हैं। उनके चैनल को और ज्यादा शानदार चैलेंज वीडियो, बड़े कैश गिवअवे और ऐसे प्रोजेक्ट्स से तेजी मिली, जो अक्सर दायरे और बजट के मामले में टेलीविजन प्रोडक्शंस जैसे लगते थे।
मिस्टरबीस्ट की ज़बरदस्त सफलता में उनके वीडियो ‘स्क्विड गेम इन रियल लाइफ’ ने अहम भूमिका निभाई। फ़ोर्ब्स की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, मिस्टरबीस्ट 80 मिलियन डॉलर के साथ सबसे अमीर क्रिएटर हैं। भारतीय करेंसी में यह राशि लगभग 808.44 करोड़ रुपये होती है। उन्होंने टाइम मैगज़ीन को एक इंटरव्यू में बताया कि वह यू ट्यूब से सालाना 600 से 700 मिलियन डॉलर कमाते हैं।
मिस्टरबीस्ट ने शुरुआत में अपने वीडियो अंग्रेजी बोलने वाले दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाए। इस भारी सफलता के बाद उन्होंने अपने दर्शकों को ध्यान में रख कर कुछ बदलाव किए। अब कंटेंट के ट्रांसलेटेड वर्जन के जरिए ये वीडियो दुनिया के दूसरे हिस्सों तक अपनी पहुँच बना चुके हैं।