इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी मद्रास के हाल ही में हुए कॉन्वोकेशन सेरेमनी में एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जहाँ 45 साल की जिगिशा टेलर और उनके 21 साल के बेटे आदित्य कपाड़िया ने एक ही प्रोग्राम से एक साथ डिग्री ली।
दोनों ने आईआईटी मद्रास से ऑनलाइन डेटा साइंस एंड एप्लीकेशन प्रोग्राम पूरा किया था। हालाँकि माँ और बेटे ने अलग-अलग समय पर प्रोग्राम में एडमिशन लिया था, लेकिन इत्तेफ़ाक से उनकी डिग्री एक ही सेरेमनी में दी गई।
जिगिशा टेलर ने गुजरात के भरूच के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में 16 साल तक इलेक्ट्रॉनिक्स पढ़ाया, लेकिन 2019 में परिवार की ज़िम्मेदारियों के कारण उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी। बाद में, अपने बेटे के कहने पर, उन्होंने 2022 में आईआईटी मद्रास के ऑनलाइन प्रोग्राम में एडमिशन लिया।
उन्होंने घर की ज़िम्मेदारियों को संभालते हुए सुबह और दोपहर में रेगुलर पढ़ाई जारी रखी, जबकि उनके पति और परिवार ने भी उन्हें बहुत सहारा और हिम्मत दी।
आदित्य कपाड़िया ने 2021 में प्रोग्राम में एडमिशन लिया और 2024 में डिग्री पूरी करने के बाद उन्हें डेटा साइंस फील्ड में नौकरी मिल गई। ग्रेजुएशन सेरेमनी के दौरान, एक क्लासमेट की कोशिशों से मां और बेटे ने स्टेज पर एक साथ अपनी डिग्री ली, जिससे यह यादगार पल और भी खास हो गया।
शुरू में जहाँ मां और बेटे पढ़ाई में एक दूसरे के साथी बने, लेकिन बाद में एक-दूसरे के कॉम्पीटिटर बन गए। आदित्य ने मीडिया को बताया कि दोनों के बीच एक कंपटीशन जैसा माहौल बन गया था कि किसे ‘A’ या ‘S’ ग्रेड मिलेगा। जब जिगीशा को एक कोर्स में ‘S’ ग्रेड मिला, तो आदित्य भी उसे हासिल करना चाहते थे। वहीँ जब आदित्य को मिलता तो मां इस बराबरी के लिए और मेहनत करतीं। दोनों ही इस मामले में एक दूसरे की मदद भी करते थे। मां और बेटे का कहना है कि साथ में पढ़ाई करने के अनुभव ने न सिर्फ उनकी एकेडमिक स्किल्स को बेहतर बनाया बल्कि उनके रिश्ते को भी मजबूत किया।