आज से प्रदेश में दोबारा सक्रिय होगा मानसून

रविवार का दिन उमस भरी गर्मी वाला रहा। सोमवार की सुबह ने बदले मौसम के संकेत दे दिए हैं। इसकी के साथ प्रदेश में मौसम के बदले तेवर के साथ राहतभरा माहौल है। वातावरणीय परिस्थितियां लगातार मॉनसून के अनुकूल बनी हुई हैं। पूर्वी हवाओं से नमी के कारण आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुछ इलाक़ों में मौसम में नमी अधिक रहने से उमस महसूस हो सकती है, जबकि हल्की बारिश होने पर लोगों को राहत मिल सकती है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में अगले तीन दिनों 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी जबकि न्यूनतम तापमान में इस सप्ताह कोई खास बदलाव नहीं होगा।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि, लखनऊ समेत 60 जिलों में अगले पांच दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश का दौर 31 जुलाई तक बना रहेगा। इस दौरान करीब 30 जिलों में वज्रपात और 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। तराई क्षेत्र में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बांदा, उरई, बरेली और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा और अगले कुछ दिनों के लिए बारिश का दौर फिर से शुरू होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि अगस्त में भी मॉनसून अच्छी स्थिति में रह सकता है। खासतौर पर अगस्त के शुरुआती दो सप्ताह में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी में बताया गया है कि मानसून ट्रफ के फिर उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से 27 से 30 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा होने की संभावना है।

सोमवार के लिए बहराइच और लखीमपुर खीरी में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 17 जिलों में भारी बारिश और 48 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है उनमें बहराइच, लखीमपुर खीरी सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं आस पास के क्षेत्रों में।

भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, गुजरात, असम सहित देश के 10 राज्यों में 27 जुलाई को अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। दिल्ली-NCR में सोमवार को भी उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। यहां मौसम तेजी से बदल रहा है।

विभाग से मिली जानकारी में कहा गया है कि पहाड़ी राज्यों में भी बरसात का दौर जारी है। उत्तराखंड सहित हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश में भूस्खलन और नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने से खतरा बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे किसी भी पर्वतीय यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे तक झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है. जिससे यहां तापमान और नीचे जाने की संभावना बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *