हमारे लिए दल से बड़ा है देश: मोदी

शहंशाहपुर/वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए शनिवार को कहा कि उनके लिए दल से बड़ा देश है और भाजपा वोट पाने के लिए राजनीति नहीं करती क्योंकि उसके लिए देश का विकास सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

 

प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के दौरे के दूसरे और अंतिम दिन एक समारोह में यहां आयोजित पशुधन आरोग्य मेले का जिक्र करते हुए कहा, दूसरे राजनीतिक दल उसी काम को करना पसंद करते हैं, जिसमें वोट की सम्भावना हो, लेकिन हम अलग संस्कारों में पले बढ़े हैं।

 

हमारा चरित्र अलग है। हमारे लिए दल से बड़ा देश है। इस कारण हमारी प्राथमिकताएं वोट के हिसाब से नहीं होती हैं। आज पशुधन आरोग्य मेले में उन पशुओं की सेवा की जा रही है जिन्हें कभी वोट देने नहीं जाना है। उन्होंने कहा कि कालाधन हो, भ्रष्टाचार, बेईमानी हो, उसके खिलाफ मैंने बहुत बड़ी लड़ाई छेड़ी है। सामान्य ईमानदार आदमी को इसलिए मुश्किल होती है, क्योंकि बेईमान उन्हें लूटते हैं। ईमानदारी का यह अभियान आज एक उत्सव के रूप में पनप रहा है।

 

जिस तरह छोटे व्यापारी भी जीएसटी से जुड़ रहे हैं, चीजों को आधार के साथ जोड़ा जा रहा है, जनता की पाई-पाई का खर्च जनता की भलाई पर होगा। हम बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। स्वच्छता अभियान और देश के हर व्यक्ति को घर देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि वह जानते हैं कि उन्होंने जो बीड़ा उठाया है, वह बहुत मुश्किल है लेकिन अगर मुश्किल काम मोदी नहीं करेगा, तो कौन करेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि नवरात्र के पावन पर्व में उन्हें यहां शौचालय की की ईंट रखने का सौभाग्य मिला।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *