दुनिया में सबसे ख़तरनाक हालात में काम कर रहे हैं ग़ाज़ा में मौजूद मीडियाकर्मी

फ़लस्तीन दुख को दुनिया के सामने लाने वाले मीडियाकर्मी भी उन्हीं जोखिमों व और मुसीबतों का सामना करने को मजबूर हैं जिनका सामना फिलिस्तीन की अवाम कर रही है।

दुनिया में सबसे ख़तरनाक हालात में काम कर रहे हैं ग़ाज़ा में मौजूद मीडियाकर्मी

मध्य पूर्व में शान्ति के मुद्दे पर सोमवार को यूएन के वैश्विक संचार विभाग द्वारा एक अन्तरराष्ट्रीय मीडिया सेमिनार का आयोजान किया गया। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने इस मौके पर अपने सन्देश में क्षोभ जताया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2023 से अब तक ग़ाज़ा व क़ाबिज़ फ़लस्तीनी इलाक़े में 260 मीडियाकर्मी मारे जा चुके हैं।

यूएन वैश्विक संचार विभाग की अवर महासचिव मेलिसा फ़्लेमिंग ने कहा कि यह बातचीत बहुत सामयिक है और बेहद ज़रूरी भी है। यूएन के वैश्विक संचार विभाग द्वारा शान्ति मुद्दे पर आयोजित अन्तरराष्ट्रीय मीडिया सेमिनार की थीम थी- ‘अवरोधों को तोड़ना, ग़ाज़ा व पश्चिमी तट से रिपोर्टिंग में ख़तरों व जटिलताओं का सामना’।

गौरतलब है कि ग़ाज़ा व क़ाबिज़ फ़लस्तीनी इलाक़े में हाल के समय में 260 से अधिक मीडियाकर्मी मारे जा चुके हैं, और पिछले कई दशकों में यह पत्रकारों के लिए सबसे जानलेवा हिंसक टकराव साबित हुआ है।

मेलिसा फ़्लेमिंग ने कहा कि यह सेमिनार विचार करने का एक अवसर है कि इसराइल और फ़लस्तीन में पत्रकारिता, विशेष रूप से ग़ाज़ा और पश्चिमी तट में, किस तरह से रणक्षेत्र और जीवनरेखा में तब्दील हो गई है।

वैश्विक संचार विभाग की प्रमुख ने महासचिव एंतोनियो गुटेरेश के एक सन्देश को पढ़ा, जिसमें उन्होंने कहा कि ग़ाज़ा में पत्रकार उन्हीं जोखिमों व वास्तविकताओं, विस्थापन, अकाल, मौत का सामना कर रहे हैं, जोकि वहाँ के आम लोग करते हैं, और जिनकी वे कवरेज करते हैं।

उन्होंने ध्यान दिलाया कि युद्ध के नियम स्पष्ट हैं: आम लोग व नागरिक प्रतिष्ठान निशाना नहीं हैं, और पत्रकारों को अपना आवश्यक कार्य बिना किसी हस्तक्षेप, डराने-धमकाने या किसी नुक़सान के बिना करने में समर्थ होना चाहिए।महासचिव ने कहा कि ग़ाज़ा में अन्तरराष्ट्रीय पत्रकारों के पहुँचने पर थोपी गई पाबन्दी अस्वीकार्य है।

ग़ाज़ा में अल जज़ीरा नैटवर्क के ब्यूरो प्रमुख वईल अल-दहहोह ने बताया कि उस दौरान जल आपूर्ति, बिजली, संचार व इन्टरनैट सेवा पूरी तरह ठप कर दी गई थी। इसके बावजूद, पत्रकारों ने बमबारी, निजी क्षति, विस्थापन, ज़रूरी सेवाओं की क़िल्लत के बीच अपने कामकाज को जारी रखा। उन्होंने अपने वीडियो सन्देश में कहा कि “हमें आपके लिए, पूरी दुनिया के लिए इतनी अधिक ज़िम्मेदारियों का एहसास हुआ।”

उनके अनुसार, यदि उन्होंने अपने दायित्व को नहीं निभाया होता, तो दुनिया यह नहीं देख पाती कि “इसराइली जनसंहार के परिणामस्वरूप” यहाँ 20 लाख लोगों के साथ क्या हो रहा था।

पत्रकारों की रक्षा के लिए समिति की मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोडी गिन्सबर्ग ने ग़ाज़ा में पत्रकारों के संरक्षण और स्वतंत्र आवाजाही पर बल दिया। साथ ही, जवाबदेही तय किए जाने को अहम बताया।

फ़लस्तीनी पत्रकारों के सिंडीकेट के प्रमुख नासेर अबू बक्र ने बताया कि ग़ाज़ा में अब तक 255 से अधिक पत्रकारों की जान जा चुकी है और 500 से अधिक घायल हुए हैं।

इसराइल ने 200 मीडियाकर्मियों को गिरफ़्तार किया है और उन्हें जेल में यातना दिए जाने के आरोप लगे हैं। पत्रकारों के रिश्तेदारों को भी मारे जाने या फिर निशाना बनाए जाने के आरोप लगे हैं।

नासेर अबू बक्र ने कहा कि उनका सिंडीकेट और अन्तरराष्ट्रीय पत्रकार संघ, यूएन महासचिव के साथ सहयोग के लिए तैयार है, ताकि ग़ाज़ा पट्टी और पश्चिमी तट में पत्रकारों के विरुद्ध अंजाम दिए गए अपराधों पर एक रिपोर्ट पेश की जा सके।

यूएन महासचिव ने अपने सन्देश में मध्य पूर्व विवाद के हल के लिए दो-राष्ट्र समाधान के प्रति अपने संकल्प को दोहराया और कहा कि इस लक्ष्य को साकार करने और आम सहमति बनाने में, पत्रकारों की अहम भूमिका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *