फिल्म ‘रामायणम्’ के ट्रेलर पर अपडेट के साथ ही इसके संगीत को लेकर बड़ी खबर आई है। इस फिल्म के म्यूजिक राइट्स के लिए एक बेहद शानदार डील पक्की हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स शुरू में फिल्म के ग्लोबल म्यूजिक राइट्स के लिए बड़ी डील करना चाहते थे और उन्हें इसमें कामयाबी मिल गई है।
इस साल की सबसे बड़ी फिल्म ‘रामायणम्’ के सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही यह इंडस्ट्री के रिकॉर्ड तोड़ रही है। इस फिल्म का बजट लगभग 4,000 करोड़ रुपये और मार्केटिंग बजट 40 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इस डील को टी-सीरीज के साथ 75 करोड़ की कीमत वाली किसी हिंदी फिल्म के म्यूजिक राइट्स की अब तक की सबसे बड़ी वैल्यूएशन माना जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, इसे लेकर कई दौर की बातचीत हुई। आखिरकार T-सीरीज ने दोनों फिल्मों के लिए 75 करोड़ रुपये के एडवांस पेमेंट के साथ ऑडियो राइट्स हासिल कर लिए हैं।
बताते चलें कि अकादमी अवॉर्ड जीतने वाले एआर रहमान के साथ हंस जिमर के संगीत वाले इस प्रोजेक्ट में T-सीरीज, सोनी म्यूजिक, सारेगामा और यूनिवर्सल म्यूजिक जैसे बड़े म्यूजिक लेबल ने बड़े पैमाने पर दिलचस्पी ज़ाहिर की थी।
डील की इन ख़बरों के बेच मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर सामने लाने की नई तारीख का भी ऐलान किया है। पहले यह 24 जुलाई को आना था मगर अब इसे 30 जुलाई को सुबह 4:15 बजे रिलीज किया जाएगा। दो भागों वाली इस फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 में रिलीज होगा, जबकि इसका दूसरा हिस्सा दिवाली 2027 में आएगा।
ट्रेलर लॉन्च की नई तारीख का ऐलान करते हुए सोशल मीडिया पर टीम ने लिखा, ‘शुभ ब्रह्म मुहूर्त में, हम 30 जुलाई 2026, गुरुवार को सुबह 4:15 बजे (IST) दुनिया भर में अपने ट्रेलर के साथ रामायण की नई शुरुआत का स्वागत करते हैं।’
बताते चलें कि नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर ने भगवान राम की भूमिका निभाई है और सीता के रूप में उनका साथ दिया है साई पल्लवी ने। यश रावण के रोल में नजर आएंगे।