अमित शाह के करीबी को राजस्व मंत्रालय, पंकजा मुंडे का डिमोशन

 

 

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने महाराष्ट्र कैबिनेट के 3 बड़े नेताओं को झटका दिया है। इनमें विनोद तावड़े,पंकजा मुंडे और प्रकाश मेहता शामिल है। इन तीनों का कद छोटा कर दिया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खास चंद्रकांत दादा पाटिल को बेहद महत्वपूर्ण राजस्व मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। यह विभाग पहले भाजपा नेता एकनाथ खडसे के पास था। भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते एकनाथ खडसे ने हाल ही में इस्तीफा दिया था।

pankaja-munde

कैबिनेट फेरबदल में पंकजा मुंडे के पास से जल संरक्षण का पोर्टफोलियो वापस ले लिया गया है।  मुंडे से फडणवीस के फ्लैगशिप प्रोग्राम जययुक्त शिवार योजना का कार्यभार भी छिन गया है। इस योजना को विश्व बैंक से तारीफ मिली थी। अब यह जिम्मा राम शिंदे को दिया गया है। वहीं मेहता से श्रम विभाग लेकर संभाजी राव को दे दिया गया है।

विनोद तावड़े से मेडिकल शिक्षा का विभाग लेकर गिरीश महाजन को दिया गया है। तावड़े को स्कूली शिक्षा और उच्च तथा तकनीकी शिक्षा विभाग का कार्यभार सौंपा गया है। फडणवीस ने पोर्टफोलियोज की लिस्ट राज्यपाल विद्यासागर राव को सौंप दी है और 5 दिन के रूस के दौरे पर निकल गए हैं। भाजपा सूत्रों की मानें तो अपने सख्त फैसलों के बाद फडणवीस कैबिनेट के शक्तिशाली नेताओं का सामना नहीं कर सकते थे,इसलिए रूस के दौरे पर निकलने से कुछ वक्त पहले ही उन्होंने सूची तैयार कर राज्यपाल को सौंप दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *