लखनऊ विकास प्राधिकरण, शहर में लग्जरी फ्लैट बनाने जा रहा है। इस योजना दिलचस्पी रखने वाले एलडीए की साइट पर पंजीकरण करा सकते हैं। ये पंजीकरण 20 फरवरी तक होंगे।

सूबे की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग मिल रोड इलाके में एलडीए द्वारा 27 मंजिला रेजिडेंशियल अपार्टमेंट बनाने की योजना है। ऐशबाग स्क्वायर नाम से बनने वाले इस अपार्टमेंट में करीब 1,900 वर्गफुट क्षेत्रफल के 384 लग्जरी फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा।
बुधवार को एलडीए वीसी द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत एलडीए की वेबसाइट पर फ्लैटों के लिए रजिस्ट्रेशन गुरुवार से 20 फरवरी, 2026 तक करवा सकते हैं। योजना से कुछ ही दूरी पर चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और नाका, आलमबाग, अमीनाबाद जैसे महत्वपूर्ण बाजार हैं।
रजिस्ट्रेशन हेतु फ्लैट के अनुमानित मूल्य की 5 प्रतिशत धनराशि बतौर रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करनी होगी। आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि 2.5 प्रतिशत होगी। फ्लैट के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने वाले आवेदकों को आवंटन के बाद 36 महीने की किस्तों में पूर्ण धनराशि जमा करवानी होगी। इन फ्लैट का आवंटन लॉटरी द्वारा किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक़, सोसायटी में पार्किंग सुविधा सहित स्विमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप होगी। इसके अलावा लोगों की कमर्शियल जरूरतें पूरी करने के लिए परिसर में ही दुकानें भी बनेंगी। ऐशबाग स्क्वायर के निर्माण में तीन वर्ष का लक्ष्य रखा गया है जबकि पांच वर्ष के भीतर फ्लैट पर कब्जा दे दिया जाएगा।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार द्वारा साझा जानकारी में कहा गया है कि लगभग 17,910 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले ऐशबाग स्क्वायर में कुल चार टावर होंगे, इसमें प्रत्येक टावर 27 मंजिल का होगा। अपार्टमेट में 3 BHK एवं स्टडी श्रेणी के कुल 384 फ्लैट होंगे। प्रत्येक फ्लैट लगभग 1,900 वर्गफुट क्षेत्रफल का होगा, जिसकी कीमत 1.11 करोड़ रुपये से शुरू होगी।
एलडीए वीसी ने यह भी बताया कि ऐशबाग स्क्वायर की कनेक्टिविटी और लोकेशन प्राइम होगी। यह पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में बनेगा, जहां वर्तमान में आवासीय जरूरतें पूरी करने के लिए ऐसी जगह मिलना मुश्किल है। अपार्टमेंट के निर्माण के लिए ऑनलाइन डिमांड सर्वे करवाया गया था, जिसमें परिणाम बेहतर मिलने के बाद ही परियोजना के निर्माण को मंजूरी दी गई है।
