दो दिन बाद केजीएमयू को पांच भवनों की सौगात मिलेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ इनका शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। नए भवन में कुल 300 बेड की क्षमता होगी। 12 ऑपरेशन थिएटर होंगे। इसमें एक एडवांस रोबोटिक सर्जरी की ओटी, 11 माड्यूलर ऑपरेशन थिएटर होंगे।

सोमवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किंग जाॅर्ज मेडिकल कॉलेज के रोगियों के लिए दो भवनों का लोकार्पण और तीन का शिलान्यास करेंगे। यह जानकारी केजीएमयू प्रवक्ता प्रोफ़ेसर केके सिंह ने दी। खबर के मुताबिक़, मुख्यमंत्री सोमवार को शाम 4.00 बजे लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मेडिकल कॉलेज के कार्डियोलाॅजी भवन और ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी सेंटर का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही जनरल सर्जरी के नए भवन, नए प्रशासनिक भवन और ट्रामा-2 का शिलान्यास किया जाएगा।
लखनऊ मेडिकल कॉलेज में जनरल सर्जरी विभाग का नए भवन का निर्माण होना है। इस भवन के निर्माण के लिए अनुमानित राशि करीब 315 करोड़ रुपये है जबकि 9.62 एकड़ में 37,128.76 वर्ग मीटर में इसे बनाया जाएगा।
भवन में ऑडिटोरियम समेत अन्य सुविधाएं होंगी। कुल 300 बेड की क्षमता वाले इस भवन में कार पार्किंग के लिए दो मंजिला अंडर ग्राउंड बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर समेत कुल 11 मंजिला भवन बनाया जाएगा। नए भवन 12 ऑपरेशन थिएटर होंगे। इसमें एक एडवांस रोबोटिक सर्जरी की ओटी, 11 माड्यूलर ऑपरेशन थिएटर होंगे। इसमें छह ओटी लैप्रोस्कोप सिस्टम भी बनाए जाएंगे।
योजना के मुताबिक़, अगले छह महीने में केजीएमयू के लारी कार्डियोलाॅजी विभाग में नया भवन बनकर तैयार है। इसके निर्माण के साथ दिल के रोगियों का इलाज करने की क्षमता दोगुने से ज्यादा हो जाएगी। यहां आईसीयू के बेड की क्षमता 84 से बढ़कर 180 हो जाएगी। इस 10 मंजिला भवन के छह मंजिलों पर मरीजों को भर्ती, इलाज की सुविधा मिलेगी। कार्डियोलाॅजी विभाग में प्रशासनिक भवन भी होंगे। नीचे की चार मंजिलों पर मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा रहेगी।
नए भवन में ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में हड्डी रोग के तीन विभाग आर्थोपेडिक सर्जरी, स्पोर्ट्स मेडिसिन और पीडियाट्रिक आर्थोपेडिक शिफ्ट किए जाएंगे। मरीज भर्ती करने की क्षमता यहाँ 340 बेड की है। ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी सेंटर भवन में सभी जांचों की सुविधा एक ही भवन में मिल जाएगी। यहां एमआरआई सहित विभिन्न जांचे, सीटी स्कैन और एक्सरे जांच की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी।
यहां आठ ओटी सहित 24 प्राइवेट रूम, 24 आईसीयू, 340 बेड, आठ ओपीडी रूम, एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्सरे, खून की जांच, हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड की सस्ती दर की दुकान, डॉक्टरों के कमरे, बेसमेंट में पार्किंग, कैंटीन की सुविधा मुहैया कराने की योजना है।
ट्रॉमा सेंटर फेज-2 के निर्माण से गंभीर मरीजों को काफी राहत मिल सकेगी। इस पर करीब 296 करोड़ रुपये का खर्च प्रस्तावित है। नए भवन में पांच सौ बेड पर भर्ती की सुविधा मिलेगी।
इस समय ट्रॉमा सेंटर में घायल और अन्य प्रकार के रोगी एक ही साथ भर्ती किए जा रहे हैं। निर्माण के बाद जहाँ पुराना भवन गंभीर रोगियों के लिए आरक्षित रहेगा वहीँ ट्रॉमा सेंटर फेज-2 के नए भवन में सड़क दुर्घटना वाले मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
वर्तमान ट्राॅमा सेंटर की क्षमता 466 बेड की है। लखनऊ सहित पूरे प्रदेश से गंभीर मरीज़ों के इस विभाग पर है। क्षमता के मुकाबले ज्यादा मरीज आने से रोजाना 30 से 40 मरीज वापस किए जाते हैं। इसको देखते हुए नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
नए प्रस्ताव के मुताबिक़, केजीएमयू में माैजूदा कुलसचिव कार्यालय के साथ ही नया प्रशासनिक भवन बनाए जाने की बात कही गई है। इसका शिलान्यास सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।













