शाम जैसी सुबह के साथ बिन मौसम बारिश में भीगा लखनऊ

उत्तर भारत में शुक्रवार सुबह से बदले मौसम के साथ अधिकतर स्थानों पर बारिश और तेज़ हवाएं चलने का समाचार मिला है। लखनऊ में भी सुबह से ही सूर्यास्त जैसा माहौल रहा और तेज़ बारिश ने तापमान गिरा दिया।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 27 जिलों में ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है। इस बीच तेज़ बारिश से शहर का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। तेज़ बारिश के चलते राहगीरों को जहाँ तहँ शरण लेनी पड़ी। दिल्ली से सटे जिलों और पश्चिमी इलाकों में आंधी, गरज-चमक और बारिश ने मौसम ठंडा कर दिया। इस बारिश ने गर्मी की शुरुआत में ही मौसम को ठंडा कर दिया है। इस बेच कई जगहों पर मौसम का मिजाज ज़ोरदार और तूफानी दिखा।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश और बर्फबारी हो रही है। साथ ही हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भी बारिश के हालत बने हैं।

मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा में पूरे दिन बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट भी घोषित किया गया है।

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाक़ों में मौसम में बड़ा बदलाव हुआ है। केदारनाथ और बदरीनाथ सहित कई इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश जारी रही। गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल और मुनस्यारी जैसे इलाकों में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई।

प्रदेश के पश्चिमी जिलों में बुधवार की शाम से ही मौसम का मिज़ाज बदलने लगा था। नतीजे में तेज झोंकेदार हवाओं और गरज चमक के साथ अधिकतर हिस्सों में बारिश देखने को मिली। उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *