ब्रिटेन में लेबर पार्टी सरकार बनाने के लिए ज़रूरी 326 सीटों का आँकड़ा पार कर चुकी है। इस जीत के साथ लेबर पार्टी 14 साल बाद सत्ता में वापसी करेगी। ब्रिटेन में सरकार बनाने के लिए 326 सीटों का आँकड़ा पार करना होता है।
मतगणना के मुताबिक़, लेबर पार्टी अब तक 409 सीटों पर अपनी जीत हासिल कर चुकी है। वर्तमान प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को अभी तक 113 सीटें ही मिल सकी हैं। अगर कंजर्वेटिव पार्टी 131 सीटों पर सिमटती है तो यह अब तक की उसकी सबसे बुरी शिकस्त होगी।
ब्रिटेन में नए प्रधानमंत्री के रूप में लेबर पार्टी के किएर स्टार्मर का सत्ता संभालना लगभग निश्चित हो गया है। किएर स्टार्मर के नेतृत्व वाली लेबर पार्टी 1997 वाली बड़ी सफलता अर्जित करती नज़र आ रही है। स्टार्मर 2020 में जर्मी कोर्बिन की के स्थान पर लेबर पार्टी के नए नेता चुने गए थे।
एग्ज़िट पोल्स के अनुमान सही साबित होने पर किएर स्टार्मर 410 लेबर सांसदों के साथ प्रधानमंत्री बनेंगे। उनकी जीत टोनी ब्लेयर के 1997 की ऐतिहासिक जीत से कुछ ही कम है।
ब्रिटेन में सरकार बनाने के लिए 326 सीटों का आँकड़ा पार करना होता है। एग्ज़िट पोल्स से मिलने वाले संकेत की माने तो कुल 650 सीटों में से 410 सीटें लेबर पार्टी को मिलती नज़र आ रही है जबकि कंज़र्वेटिव पार्टी 131 सीटों पर सिमटती दिख रही है।
बताते चलें कि 2019 के पिछले चुनाव में 650 सीटों वाली संसद में कंजर्वेटिव पार्टी ने 364 सीटों पर कब्ज़ा जमाया था और बोरिस जॉनसन ने प्रधानमंत्री की ज़िम्मेदारी संभाली थी। उस समय कंजर्वेटिव पार्टी को पिछली बार की तुलना में 47 सीटों का फ़ायदा मिला था जबकि इस बार स्थिति बिल्कुल विपरीत है।
विपक्षी लेबर पार्टी 2019 के चुनाव के बड़ी हार के साथ घटकर 203 सीटों तक सीमित रह गई थी। इस चुनाव में लेबर पार्टी ने अपनी कई पारंपरिक सीटें भी खो दी थीं।
लेबर पार्टी को 1997 में अब तक की सबसे बड़ी जीत मिली थी। उस समय टोनी ब्लेयर लेबर पार्टी के नेता थे और उनकी पार्टी 419 सीटों पर सफल रही थी जबकि कंजर्वेटिव पार्टी को उस समय मात्र 165 सीटों पर संतोष करना पड़ा था।
ब्रिटेन के 2024 के आम चुनाव में इस बार तीसरे नंबर पर लिबरल डेमोक्रेट्स हो सकते हैं। इस पार्टी को 61 सीटें मिलने का अनुमान है। स्कॉटिश नेशनल पार्टी की सीटों की संख्या घटकर 10 रह सकती है जबकि रिफॉर्म यूके को 13 सीटें मिलने की उम्मीद है।