इस्लामाबाद। जासूसी के कथित आरोप में पाकिस्तान की जेल में सजा काट रहे भारतीय कुलभूषण जाधव की पत्नी और मां 25 दिसंबर को पाकिस्तान आएंंगे। पाकिस्तान के विदेश विभाग ने यह जानकारी दी।
विदेश विभाग ने बताया कि जाधव की पत्नी और मां 25 दिसंबर को व्यावसायिक उड़ान से यहां पहुंचेंगे और उसी दिन वापस लौट जाएंगे। भारतीय उप उच्चायुक्त उनके साथ आने वाले राजनयिक होंगे। विदेश विभाग के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने ट्वीट कर कहा, भारत ने सूचित किया है कि कमांडर जाधव की पत्नी और मां 25 दिसंबर को व्यावसायिक उड़ान से यहां आएंगी और उसी दिन वापस लौट जाएंगी।
इस्लामाबाद में भारतीय उप उच्चायुक्त उनके साथ रहने वाले राजनयिक होंगे। पाकिस्तान ने 20 दिसंबर को जाधव की पत्नी और उनकी मां के लिये वीजा जारी किया था। पाकिस्तान ने इस बात पर भी सहमति जताई थी कि इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग का एक राजनयिक उनके साथ होगा।