पहले भारतीय गगनयात्री को लेकर एक्सिओम-4 मिशन पर पूरा देश उत्साहित था, लेकिन 11 जून को इस मिशन को स्थगित करना पड़ा।

ऐसा चौथी बार हुआ है जब मिशन को लॉन्च करने की तारीख बदली गई है। इसरो प्रमुख वी नारायणन ने एक्सिओम-4 मिशन में देरी की वजह बताई है।
इसरो ने 11 जून को इस मिशन स्थगित करते हुए जानकारी दी थी कि लॉन्च से पहले टेस्टिंग के दौरान प्रोपल्शन बे में एलओएक्स रिसाव का पता चला था।
भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो प्रमुख ने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट पर लिखा- “इसरो, नासा, एक्सिओम स्पेस और स्पेसएक्स के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के ज्वेज्दा मॉड्यूल में देखी गई समस्या को जिम्मेदारी के साथ हल करने के लिए काम कर रहा है, जिसके कारण एक्सिओम मिशन 4 (एक्स-4) में देरी हुई है। सुरक्षा और मिशन की अखंडता हमारी शीर्ष प्राथमिकताएं बनी हुई हैं।”
गौरतलब है कि 29 मई को इसके पहले एक्सिओम-4 मिशन की लॉन्चिंग थी। उस समय भी तकनीकी खराबी के कारण इस मिशन को अगली तिथि के लिए टालना पड़ा था। इस ऐतिहासिक मिशन में भागीदारी के लिए भारत सरकार ने 550 करोड़ रुपये मंजूर किए थे।
बताते चलें कि एक्सिओम 4 मिशन के तहत चार देशों के चार एस्ट्रोनॉट्स को 14 दिन के लिए इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर भेजा जाना है। इसमें भारत की ओर से शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष की यात्रा करेंगे।















