अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इजरायल ने गाजा में 60 दिन के युद्ध विराम को अंतिम रूप देने की शर्तों पर सहमति जताई है।अपने सोशल मीडिया बयान में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मेरे प्रतिनिधियों ने आज गाजा की स्थिति पर इजरायली अधिकारियों के साथ लंबी और सार्थक बैठक की। उन्होंने कहा कि वह साठ दिनों के भीतर युद्ध को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए सभी पक्षों के साथ मिलकर काम करेंगे।

याद दिला दें कि इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि अगले सप्ताह तक गाजा में युद्ध विराम हो सकता है। मीडिया से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने पूछा कि क्या 7 जुलाई को नेतन्याहू के व्हाइट हाउस दौरे से पहले गाजा में युद्ध विराम हो सकता है? राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ऐसा होने जा रहा है, हम अगले सप्ताह तक ऐसा होने की उम्मीद कर रहे हैं।
ट्रंप ने कहा है कि साठ दिनों के सीजफायर के दौरान हम युद्ध को समाप्त करने के लिए सभी पक्षों के साथ काम करेंगे। कतर और मिस्र के लोगों ने शांति बहाल करने में बहुत मेहनत की है, वे इस अंतिम प्रस्ताव को पेश करेंगे।
गौरतलब है कि इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू 7 जुलाई को अमरीका का दौरा करेंगे और अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे।
ट्रंप पहले भी इज़रायल के साथ पिछले 20 महीने से अधिक समय से जारी संघर्ष को खत्म कराने का कई बार वादा कर चुके हैं। इस बार ट्रंप कुछ सख्ती दिखाते नज़र आ रहे हैं।
साथ ही अमरीकी राष्ट्रपति ने हमास को चेतावनी देने के अंदाज में कहा कि मुझे उम्मीद है कि मध्य पूर्व की भलाई के लिए हमास इस समझौते को स्वीकार करेगा, क्योंकि इससे बेहतर स्थिति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सीजफायर के लिए राजी न होने पर हालात और खराब ही होंगे।
गाजा में 7 अक्तूबर 2023 से चल रही लड़ाई की वजह से हालात बेहद खराब हैं। इस संघर्ष में 56,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं। हालात इतने खराब हैं कि गाजा में भोजन के लिए जुटने वाले लोगों पर इजरायल की ओर से फायरिंग की गई है। ऑक्सफैम, सेव द चिल्ड्रन और एमनेस्टी इंटरनेशनल जैसे गुटों ने हाल ही में जारी अपने बयान भोजन के लिए जमा लोगों पर फायरिंग का जिक्र किया है। इससे गाजा में मानवीय संकट और ज्यादा गहरा गया है।
