साल 2000 में बनी इरफान खान और विद्या बालन की एक फिल्म अब 26 साल के बाद रिलीज हुई है। इरफान खान की 26 साल पुरानी फिल्म अचानक रिलीज की खबर ने सिने प्रेमियों को हैरान किया। हालांकि फिल्म बड़े पर्दे के बजाए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई है। मगर ठंडे बास्ते में पड़ी इस फिल्म के अचानक सामने आने से सभी को हैरानी हुई।
इस फिल्म में इरफ़ान खान के साथ विद्या बालन भी अहम भूमिका में हैं। खास बात यह है कि इन दोनों कलाकारों की यह अकेली फिल्म है और उससे भी मज़ेदार बात यह है कि यह उस दौर की फिल्म है जब दोनों की ही कोई पहचान नहीं थी।
फिल्म ‘द लास्ट टेनेंट’ एक ऐसी फिल्म है, जिसमें इरफान खान ने तब काम किया था जब वह सीरियल की दुनिया में तो पहचान बना चुके थे मगर सिनेमा की दुनिया में उनका संघर्ष जारी था।
फिलहाल इस डिब्बा बंद फिल्म को मेकर्स ने यूट्यूब पर उपलब्ध करा दिया है। इसे 29 अप्रैल को इरफ़ान ख़ान की छठी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि के तौर पर ‘द सॉल्ट इंक’ के यूट्यूब पेज पर रिलीज किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो, ‘द लास्ट टेनेंट’ लगभग तीन दशकों तक एक अटकी हुई फिल्म रही, क्योंकि निर्देशक सार्थक दासगुप्ता से हाल तक इसकी फ़ुटेज खो गई थी। इस फिल्म से अपने निर्देशन की शुरुआत करने वाले निर्देशक को हाल ही में वीएचएस पर इसकी एक कॉपी मिली। इंजीनियरिंग और बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन, दोनों में डिग्री हासिल करने वाले सार्थक ने अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ दी और फिल्म-निर्माण की दुनिया में लग गए।
सार्थक ने अपनी पहली फिल्म के सफर को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया जिसमे उन्होंने लिखा, ‘यह 1999-2000 का समय था। मैंने अभी-अभी एक फिल्ममेकर के तौर पर शुरुआत की थी। मैं बिल्कुल नया था और मुझे सब कुछ सीखना था। मैंने किसी को असिस्ट नहीं किया था। मैं किसी फिल्म स्कूल में भी नहीं गया था। किताबें मंगाने के लिए उस समय अमेजन भी नहीं था। ट्यूटोरियल देखने के लिए यूट्यूब भी नहीं था। बस अपनी अंतरात्मा की आवाज पर भरोसा करके, मैं इस सफर पर निकल पड़ा था। तब भी मुझे पक्का नहीं था कि यह एक करियर बन पाएगा या नहीं। मैंने तय किया कि यह जानने का एकमात्र तरीका है- खुद करके देखना।’