आईफोन बना 2025 में भारत से सबसे ज्यादा निर्यात किया जाने वाला उत्पाद

एप्पल का आईफोन 2025 में भारत से सबसे ज्यादा निर्यात किया जाने वाला उत्पाद बन गया है। जनवरी-दिसंबर के दौरान कुल 30.13 अरब डॉलर के निर्यात के साथ, स्मार्टफोन पहली बार भारत की शीर्ष निर्यात श्रेणी बना। इस प्रोडक्ट ने ऑटोमोबाइल डीजल ईंधन को पछाड़ दिया है।आईफोन बना 2025 में भारत से सबसे ज्यादा निर्यात किया जाने वाला उत्पाद

इंडस्ट्री डेटा से मिली जानकारी के मुताबिक़,इस दौरान करीब 23 अरब डॉलर के आईफोन (अधिकतर अमेरिका को) का निर्यात किया गया है। इंडस्ट्री से संबंधित लोगों का कहना है कि एप्पल के निर्यात में यह उछाल पीएलआई यानी प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम जैसे उत्पादन प्रोत्साहनों और चीनी आपूर्तिकर्ताओं से विविधीकरण के चलते आया।

इसके साथ ही भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन उत्पादक बन गया है। यहाँ घरेलू स्तर पर बिकने वाले 99 प्रतिशत से अधिक फोन ‘मेड इन इंडिया’ हैं। गौरतलब है कि एप्पल की पांच वर्षीय पीएलआई अवधि मार्च 2026 में समाप्त होने वाली है। वहीँ कुल स्मार्टफोन निर्यात में एप्पल की हिस्सेदारी 76 प्रतिशत रही।

एप्पल के सीईओ टिम कुक ने हाल ही में आयोजित अर्निंग्स कॉल में कहा, “हमने उभरते बाजारों, जिनमें भारत भी शामिल है, में अपनी गति बनाए रखी है, जहां हमने राजस्व में दो अंकों की मजबूत वृद्धि दर्ज की है।” उन्होंने आगे कहा कि कंपनी ने “आईफोन, मैक और आईपैड पर राजस्व के नए रिकॉर्ड बनाए हैं, और सेवाओं पर राजस्व का सर्वकालिक नया रिकॉर्ड बनाया है।”

देश में एप्पल के मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम में पांच आईफोन असेंबली प्लांट शामिल हैं, जिनमें से तीन टाटा समूह की इकाइयों द्वारा और दो फॉक्सकॉन द्वारा संचालित हैं और इन्हें लगभग 45 कंपनियों की आपूर्ति श्रृंखला का समर्थन प्राप्त है, जिनमें कई एमएसएमई शामिल हैं जो घरेलू और वैश्विक परिचालन के लिए पुर्जे की आपूर्ति करते हैं।

काउंटरपॉइंट रिसर्च की हालिया रिपोर्ट बताती है कि भारतीय उपभोक्ताओं के स्मार्टफोन खरीदने के पैटर्न में भी बड़ा बदलाव आया है, अब बजट की जगह प्रीमियम फोन अधिक बिक रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में एप्पल का आईफोन 16 का बेस वेरिएंट सबसे अधिक बिकने वाला स्मार्टफोन मॉडल बना। वही दिसंबर तिमाही की बात करें तो एप्पल ने अमरीका, यूरोप, जापान और शेष एशिया प्रशांत क्षेत्र में राजस्व के सर्वकालिक नए रिकॉर्ड बनाए।

एप्पल के सीईओ का कहना है कि भारत में दिसंबर तिमाही के दौरान राजस्व का एक नया रिकॉर्ड बनाने के बाद कम्पनी 26 फरवरी को मुंबई में एक और स्टोर खोलने जा रही है। साथ ही उन्होंने भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार और चौथा सबसे बड़ा पीसी बाजार भी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *