भारत के लोग विश्व स्वास्थ्य संगठन की तय सीमा से कहीं ज्यादा नमक का सेवन कर रहे हैं। इस हानिकारक आदत से बचाव के लिए एक विशेष पहल की शुरुआत की गई है। अभी इसे दो राज्यों में शुरू किया गया है।

भारतियों में नमक की खपत को कम करने के उद्देश्य से “कम्युनिटी-लीड सॉल्ट रिडक्शन” नाम से एक विशेष पहल की शुरुआत की है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद- नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी (ICMR-NIE) ने फिलहाल यह पहल अभी पंजाब और तेलंगाना में शुरू की है।
प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे डॉक्टर शरण मुरली का कहना है- “कम सोडियम वाले नमक का उपयोग करने से औसतन 7/4 mmHg तक ब्लड प्रेशर घटाया जा सकता है, जो एक छोटा लेकिन प्रभावी कदम है।”
विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 5 ग्राम से कम नमक खाने की सीमा निर्धारित की गई है। लेकिन भारत में औसतन शहरी क्षेत्रों में 9.2 ग्राम और ग्रामीण क्षेत्रों में 5.6 ग्राम प्रतिदिन नमक का सेवन हो रहा है।
भारत में नमक की अधिक खपत पर भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद- नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी ने शुरू की “कम्युनिटी-लीड सॉल्ट रिडक्शन” जागरूकता मुहिम
दरअसल कम सोडियम नमक में साधारण नमक के सोडियम क्लोराइड को पोटैशियम या मैग्नीशियम से आंशिक रूप से बदला जाता है, जिससे यह हृदय रोगियों के लिए बेहतर विकल्प बन जाता है।
वहीँ नमक का अधिक सेवन कई बीमारियों जैसे हाई ब्लड प्रेशर, स्ट्रोक, हार्ट अटैक और किडनी रोगों का बड़ा कारण बनता है। ऐसे में ICMR-NIE ने एक तीन साल का प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस प्रोजेक्ट के तहत हेल्थ वेलनेस सेंटर्स (HWCs) पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से सलाह और मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इस दौरान ICMR-NIE से मिली जानकारी में कहा गया है कि चेन्नई के 300 रिटेल स्टोरों में किए गए एक सर्वे में यह पाया गया कि सिर्फ 28% दुकानों में ही लेस सोडियम साल्ट था। सुपरमार्केट में यह 52% जगहों पर उपलब्ध था, वहीँ छोटे किराना स्टोरों में इसकी उपलब्धि केवल 4% पाई गई।
ICMR-NIE ने लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर #PinchForAChange नाम से एक अभियान भी शुरू किया है। ट्विटर और लिंक्डइन पर चल रहे इस अभियान में इन्फोग्राफिक्स, तथ्य और सरल संदेशों के माध्यम से लोगों को छिपे हुए नमक स्रोतों और कम सोडियम विकल्पों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
नमक की कीमत में भी अंतर साफ तौर पर देखा गया। कम सोडियम नमक की कीमत औसतन 5.6/- प्रति 100 ग्राम है, जबकि सामान्य आयोडाइज्ड नमक की कीमत 2.7/- प्रति 100 ग्राम है। यह बताता है कि कम जागरूकता और मांग की कमी के कारण लो सोडियम सॉल्ट की उपलब्धता कम है।
इस संबंध में डॉक्टर मुरली का मानना है कि अगर परियोजना कामयाब होती है तो इससे सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली में स्थायी डाइट काउंसलिंग मॉडल जोड़े जा सकते हैं। यह हेल्थ लिटरेसी बढ़ाने के साथ हाइपरटेंशन से जुड़ी बीमारियों का बोझ भी कम करने में मददगार होगी।













