समुद्री खारे पानी से मीठा जल और ठंडी हवा बनाने की तयारी में भारतीय वैज्ञानिक

भारतीय वैज्ञानिकों ने एक ऐसी तकनीक विकसित की है, जिसकी मदद से न सिर्फ समुद्र के खारे पानी को पीने लायक बनाया जा सकेगा बल्कि सख्त गर्मी से राहत देने वाली ठंडी हवा भी मिल सकेगी।

डीडी न्यूज़ के मुताबिक़, भारत के विस्तृत समुद्री तटवर्ती क्षेत्रों के माध्यम से दूर दराज़ के गांवों और द्वीपों में पेयजल संकट से निपटने के लिए वैज्ञानिक प्रयासों में जुटे हैं। साथ ही ऐसी योजना पर भी काम किया जा रहा है कि गर्मी और उमस से राहत देने वाली नई संभावनाएं भी तलाशी जा सकें। इस अनुसंधान के निष्कर्ष साइंस जर्नल ‘एप्लाइड थर्मल इंजीनियरिंग’ में प्रकाशित हुए हैं। अब शोध दल विभिन्न जलवायु परिस्थितियों में इसके परीक्षण और औद्योगिक संस्थानों के सहयोग से आगे विकास की संभावनाएं तलाश रहा है।

खबर में कहा गया है कि बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बीआईटीएस), पिलानी के हैदराबाद परिसर के शोधकर्ताओं के इस नवाचार को भारतीय पेटेंट मिल गया है। गौरतलब है कि सौर ऊर्जा से संचालित होने वाली इस प्रणाली के प्रयोगशाला परीक्षण में 12.4 लीटर प्रति घंटे तक मीठे पानी का उत्पादन और 6.57 किलोवाट तक शीतलन क्षमता प्रदर्शित की गई है।

दो समस्याओं का समाधान करती प्रणाली
बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस के वैज्ञानिकों ने ऐसी प्रणाली विकसित की है, जिसमें समुद्री जल का शुद्धिकरण और हवा का शीतलन एक साथ होता है। आमतौर पर समुद्री जल को पीने योग्य बनाने के लिए विलवणीकरण संयंत्र (Desalination Plant) और वातावरण को ठंडा रखने के लिए एयर कंडीशनिंग उपकरणों की ज़रूरत होती है। इन दोनों व्यवस्थाओं में अलग-अलग ऊर्जा की खपत होती है।

रिपोर्ट के मुताबिक़, अनुसंधान का नेतृत्व कर रहे मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर संदीप एस देशमुख ने बताया, ‘हमारा उद्देश्य ऐसी तकनीक विकसित करना था, जो समुद्री जल से मीठा पानी तैयार करने के साथ शीतलन की जरूरत भी पूरी कर सके। सामान्यतः इन दोनों कार्यों के लिए अलग-अलग प्रणालियों की आवश्यकता होती है। हमने दोनों प्रक्रियाओं को एकीकृत कर ऊर्जा के बेहतर उपयोग की संभावना विकसित की है। सौर ऊर्जा से इसका संचालन इसे उन तटीय और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए उपयोगी बना सकता है, जहां पेयजल और बिजली की उपलब्धता चुनौती बनी हुई है।’

खारा पानी इस तरह बनेगा मीठा
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस तकनीक में पहले परिवेश की हवा को गर्म करके आर्द्रीकरण (Humidification) इकाई से गुजारा जाता है। इस दौरान हवा समुद्री या खारे पानी से नमी लेती है। इसके बाद नम हवा को ठंडा किया जाता है, जिससे उसमें मौजूद जलवाष्प पानी की बूंदों में बदलने पर मीठा पानी मिलता है। इसी प्रक्रिया में निकलने वाली ठंडी और नमी रहित हवा का उपयोग ठंडी हवा के लिए किया जा सकता है।

आवश्यकतानुसार उत्पादन
इस प्रणाली की खासियत इसके अलग-अलग परिचालन विन्यास का होना हैं। माहौल की नमी और स्थानीय जरूरतों के अनुसार पानी उत्पादन तथा शीतलन के बीच संतुलन बनाया जा सकता है।

पानी की अनुमानित लागत
खबर के मुताबिक़, शोधकर्ताओं ने अलग-अलग मौसमों और परिस्थितियों में प्रयोगशाला स्तर का प्रोटोटाइप तैयार किया है। अधिक नमी वाली परिस्थितियों में दोहरे चरण के विन्यास से 12.4 लीटर प्रति घंटे तक मीठे पानी का उत्पादन दर्ज किया गया। अलग-अलग परिचालन स्थितियों में अधिकतम 6.57 किलोवाट शीतलन क्षमता पाई गई। प्रणाली से निकलने वाली हवा का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *