एशिया कप 2025 के सुपर फोर के सुपर मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से शिकस्त देकर अपनी जीत को दोहरा दिया है। भारत की तरफ से अभिषेक शर्मा ने 39 गेंदों पर 47 रन और शुभमन गिल ने 28 गेंद पर 47 रनों की शानदार पारी खेलते हुए पाकिस्तान को मैच से बाहर कर दिया है।

दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने 172 रनों का लक्ष्या रखा था, जिसको भारतीय टीम ने बड़ी ही आसानी से 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया।
भारत की ओर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हुई। इसके अलावा सूर्या (0), संजू (13), तिलक वर्मा नाबाद 30 रन और हार्दिक नाबाद 7 रन बनाए।
पाकिस्तान के लिए हारिस रऊफ ने दो विकेट लिए जबकि अबरार और अशरफ को एक-एक विकेट मिला। इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने की दावत दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 रन बनाए। साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 21 रन बनाए।
पाकिस्तान का पहला विकेट फखर जमान के रूप में गिरा और वह 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनके बाद सईम अयूब (21) और हुसैन तलत (10) रन बनाकर आउट हुए।
पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान ने एक छोर संभाले रखा और अर्धशतकीय पारी खेली। फरहान ने 54 बॉल में 5 चौके और 3 छक्कों के साथ 58 रनों की पारी खेली।
मोहम्मद नवाज ने पाकिस्तान के लिए 21 रन बनाए और सूर्यकुमार यादव के थ्रो पर रन आउट हो गए। कप्तान सलमान अली आगा ने 17, फहीम अशरफ ने 20 रनों का योगदान दिया।भारत के लिए शिवम दुबे ने 2 विकेट लिये, हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव को 1-1 विकेट मिला।
एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में भारत के हाथों यह पाकस्तान की दूसरी हार है। इससे पहले ग्रुप स्टेज में खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था। भारत और बांग्लादेश के बीच अगला मैच अब 24 सितंबर को खेला जाएगा।













