जम्मू-कश्मीर को लेकर पाक पर निशाना, भारत ने कहा पीओके खाली करो

 

नई दिल्ली। भारत ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद भड़काने और सहयोग देने के लिए पाकिस्तान पर निशाना साधा है। भारत ने पाकिस्तान से कहा कि वह पीओके पर अवैध कब्जा खाली करे। कश्मीर के मौजूदा हालात को लेकर पाकिस्तान में आयोजित हुईं भारत विरोधी रैलियों और बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की गयी है।vikas swaroop

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि इस्लामाबाद में भारत के उच्चायोग के समक्ष मार्च और प्रदर्शनों से पैदा हुए खतरे को देखते हुए पाकिस्तान को भारतीय अधिकारियों एवं उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान और पीओके में बीते दो दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर के बारे में रैलियों, घटनाक्रमों और बयानों से जुड़ी खबरें देखी हैं। हमने संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकवादी घोषित उन लोगों की अगुवाई में हुए घटनाक्रमों का भी संज्ञान लिया है जिन्होंने अतीत में ओसामा बिन लादेन और तालिबान कमांडर अख्तर मंसूर के मारे जाने का भी विरोध किया था।

स्वरूप ने कहा कि भारत उस प्रोत्साहन और समर्थन की कड़ी निंदा करता है जो इन आतंकवादियों एवं उनकी गतिविधियों को पाकिस्तान की शासन व्यवस्था से मिलता है। उन्होंने कहा कि हम फिर से पाकिस्तान से कहते हैं कि वह हमारे देश के किसी भी हिस्से में हिंसा एवं आतंकवाद भड़काना और सहयोग देना बंद करे तथा किसी भी तरह से हमारे आंतरिक मामलों में दखलअंदाजी करने से भी बाज आए। पाकिस्तान में कश्मीर का विलय दिवस मनाया जाना जम्मू-कश्मीर के क्षेत्र के लिए पाकिस्तान की लालसा को दिखाता है। उन्होंने कहा कि भारत यह मांग करता है कि पाकिस्तान पीओके के अवैध कब्जे को खाली करने के अपने दायित्व को पूरा करे। भारत ने पाकिस्तान से यह भी कहा कि वह पीओके में तथाकथित चुनाव जैसी निर्थरक गतिविधियों के जरिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय और कश्मीरियों को गुमराह करना बंद करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *