इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो देश भर में एक करोड़ रोजगार देंगे- तेजस्वी यादव

पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने पूर्णिया में अपनी दूसरी चुनावी सभा को संबोधित किया। बीते दिन होने वाली इस सभा में उनका कहना था कि अगर इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो देश भर में एक करोड़ रोजगार देंगे।

इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो देश भर में एक करोड़ रोजगार देंगे- तेजस्वी यादव

अपने सम्बोधन में तेजस्वी यादव ने 200 यूनिट तक फ्री बिजली और 500 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर दिलाने की बात भी कही।

भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लेते हुए तेजस्वी ने कहा कि यह समझ में नहीं आ रहा कि बीजेपी के पास इतने पैसे कहां से आ रहे हैं कि वो 30 हेलीकॉप्टर से चुनाव लड़ रहे हैं।

बिहार का हवाला देते हुए तेजस्वी का कहना था कि उपमुख्यमंत्री रहते हुए हम 17 महीने में एक राज्य में 5 लाख नौकरी दे सकते हैं तो देश में कितने पद खाली हैं। उन्होंने 15 अगस्त को बेरोजगारी से आजादी मिलेने की बात कही और यह भी कहा कि आने वाले रक्षाबंधन को गरीब परिवार की बहनों को साल में एक लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा गरीबों को राशन दिये जाने पर उन्होंने इसे कांग्रेस की स्कीम बताया और कहा कि राशन तो कांग्रेस के जमाने से मिल रहा है। साथ ही यह भी बताया कि पहले चीनी और तेल भी दिया जाता था। इस योजना पर तेजस्वी यादव का कहना था कि उनकी सरकार आई तो 10 किलो राशन के साथ रोजगार भी देंगे।

तेजस्वी यादव की इस जनसभा में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। जनसभा को देखते हुए यहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

बताते चलें कि पूर्णिया में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान है। यहाँ महागठबंधन से आरजेडी प्रत्याशी बीमा भारती ने मोर्चा संभाला है। पप्पू यादव के निर्दलीय चुनाव लड़ने के कारण पूर्णिया की सीट पर सबकी निगाह है। वहीँ एनडीए से जदयू के उम्मीदवार संतोष कुशवाहा हैं। बताया जा रहा है कि यहाँ मुक़ाबला त्रिकोणीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *