आईसीसी ने बांग्लादेश से वापस ली टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी

इस वर्ष महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेज़बानी बांग्लादेश के हाथों में थी मगर सियासी हालात को देखते हुए इस टूर्नामेंट के मैच दूसरे देश में शिफ्ट कर दिए गए हैं।

आईसीसी ने बांग्लादेश से वापस ली टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी

आईसीसी ने बांग्लादेश के बिगड़े हालात को ध्यान में रखते हुए महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात के ज़िम्मे कर दिया है।

आईसीसी की वेबसाइट पर जारी रिपोर्ट से इस खबर का स्पष्टीकरण हो गया है कि इस वर्ष बांग्लादेश में होने वाला महिला टी20 वर्ल्ड कप अब यूएई में होगा।

आईसीसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, महिला टी20 वर्ल्ड कप का 9वां एडीशन यूएई में खेला जाएगा। हालांकि टूर्नामेंट की मेज़बानी का अधिकार बांग्लादेश के पास ही रहेगा।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउन्सिल के मुताबिक़, 3 से 20 अक्तूबर को होने वाला महिला टी20 वर्ल्ड कप यूएई के जिन दो वेन्यू में आयोजित होगा, वह दुबई और शारजाह हैं।

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस ने अपने बयान में कहा- “मैं बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की टीम को बांग्लादेश में इस आयोजन की मेजबानी के लिए हर मुमकिन मार्ग तलाशने के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं, लेकिन भाग लेने वाली कई टीमों की सरकार की यात्रा संबंधी सलाह के कारण यह संभव नहीं था। हालांकि वह मेजबानी का अधिकार बरकरार रखेंगे। हम भविष्य में बांग्लादेश में आईसीसी वैश्विक आयोजन की कामना करते हैं।”

गौरतलब है कि बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के कारण आईसीसी को यह फैसला लेना पड़ा। बताते चलें कि आरक्षण को लेकर बांग्लादेश में होने वाले विरोध के बीच वहां सरकार का तख्ता पलट हो गया था। जिससे पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश छोड़कर जाना पड़ा।

इसके चलते बांग्लादेश आंतरिक हिंसा की चपेट में आ गया और यहाँ तक़रीबन 230 से अधिक लोगों के जान चली गई। फिलहाल बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन हो चुका है और महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेज़बानी का अधिकार बांग्लादेश के पास ही रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *