भांकरोटा में पेट्रोल पंप पर सीएनजी टैंकर फटने से भीषण तबाही

राजधानी जयपुर के भांकरोटा इलाके में दो सीएनजी टैंकरों के आपस में टकराने से आग लग गई। इस भीषण तबाही में 6 लोगों के मरने और कई लोगों के घायल होने की खबर है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। इमरजेंसी को देखते हुए मरीज़ों के इलाज के लिए डॉक्टर्स को घरों से बुलाया गया।

भांकरोटा में पेट्रोल पंप पर सीएनजी टैंकर फटने से भीषण तबाही

रिपोर्ट के अनुसार अजमेर से जयपुर की ओर आ रहे सीएनजी टैंकर जब दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने से वापस अजमेर की ओर यू-टर्न ले रहा था, इसी बीच जयपुर से आ रहे टैंकर से टकरा गया और एक भीषण हादसे को होने से रोका नहीं जा सका।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर मौजूद कई गाड़ियां ऐसी थीं जो रोड पर पूरी तरह जली हुई मिली हैं। इनमें मौजूदा लोगों की क्या स्थिति हुई इसकी जानकारी अभी तक नहीं लग पाई है।

हताहत लोगों को एसएमएस अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमे लोगों की स्थिति गंभीर और चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे के समय पेट्रोल पंप पर आग लगने के बाद समीप के पाइप के गोदाम में भी आग भड़क गई थी हालाँकि इस पर काबू पा लिया गया है। लेकिन अभी भी कुछ स्थानों पर आग लगी हुई है।

हादसे की जानकरी मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा घायलों को देखने के लिए एसएमएस अस्पताल पहुंचे। इस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर दीपक माहेश्वरी के निर्देशन में डॉक्टर्स की टीम इलाज कर रही है। मरीजों की हालत देखते हुए सरकार ने एक और आईसीयू बनाया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक़, कई घायल 70 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गए हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब तक बर्न वार्ड में 35 लोग हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इनमें से कुछ लोगों की हालत बहुत गंभीर है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुःख जताते हुए ट्वीट में लिखा है कि जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर पेट्रोल पंप एवं केमिकल टैंकर में आग लगने की घटना बेहद चिंतजानक है। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।

मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक़, जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी ने बताया है कि हादसे में 29 ट्रक व 2 बसों के जलने की खबर है। जानकारी के मुताबिक़ हादसा सुबह 5 बजकर 40 मिनट के करीब हुआ है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चिकित्सकों को तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं घायलों की समुचित देखभाल हेतु निर्देश दिया है। प्रभु से प्रार्थना करते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं को अपने परम धाम में स्थान एवं शोक संतप्त परिवारजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान की कामा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *