लखनऊ सहित पूरा प्रदेश इस समय बादलों से ढका है और लगातार हलकी या माध्यम बारिश भी जारी है। सावन के इस महीने में बीते तीन दिन से जारी बारिश ने जहाँ उम्र और गर्मी से राहत दिलाई है वहीँ जीवन भी अस्त व्यस्त हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों सहित 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
लखनऊ में आज का तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस है। पूरा दिन माध्यम से औसत बारिश के साथ बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक़, 15, 16 और 17 अगस्त में कुल 77.6 मिमी बारिश हुई। आज मंगलवार को भी सुबह से घने बादलों ने आसमान को घेर रखा है और बारिश भी जारी है।विभाग ने आज पूरे दिन बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है।
सोमवार को भी विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया था। सोमवार सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक 27.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी में कहा गया है कि 19 से 23 अगस्त तक बारिश का ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।
बारिश के अनुमान को देखते हुए मौसम विभाग ने बारिश का कोटा पूरा होने की उम्मीद जताई है। रिपोर्ट्स के अनुसार इस वर्ष पूरे सीजन में 349.9 मिलीमीटर बरसात दर्ज की जा चुकी है। बारिश का सामान्य कोटा 438.5 मिलीमीटर है। ऐसे में मौसम विभाग का अनुमान है कि कोटे से लगभग 20 फीसदी कम बारिश भी अगले दिनों में पूरी हो सकेगी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक़, लखनऊ में 19 से 23 अगस्त के बीच ज़ोरदार बारिश होने के संकेत मिले हैं। इसके नज़र डालते हुए विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के चलते बारिश रुक-रुककर होती रहेगी। मौसम में यह बदलाव मानसून की रेखा उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण हो रहा है।
मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों ही संभागों में अनेक स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जगहों पर भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है। विभाग ने जिन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है उनमें प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मीरजापुर, गाज़ीपुर, चंदौली, संत रविदास नगर, सोनभद्र, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली और रामपुर में आज अनेक जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।