उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि आने वाले चार से पांच दिनों तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी।
इन हालात में दिल्ली सहित जम्मू-कश्मीर से लेकर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और देश के कई राज्यों में इस सप्ताह भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है।
सोमवार को दिल्ली एनसीआर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा जबकि मौसम की तपिश 51-52 डिग्री जैसी महसूस की गई। मौसम विभाग ने 12 जून तक के लिए सख्त गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उमस के साथ पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। बताते चलें कि राजस्थान के कई हिस्सों में पहले ही तापमान 45 डिग्री को पार कर चुका है।
उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में इस सप्ताह कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। उसके बाद धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की उम्मीद है। पूर्वी उत्तर प्रदेश 14 और पंजाब में 15 जून को बारिश होने के आसार हैं।
मध्य महाराष्ट्र में अब से 14 जून के बीच बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है। मराठवाड़ा में छिटपुट स्थानों पर आज से अगले दो तीन दिनों के दौरान गरज के साथ हल्की बारिश, बिजली चमकने के अलावा 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की संभावना है।
इस दौरान देश के दक्षिणी राज्यों में आन्ध्र प्रदेश, कर्नाटक,केरल, तमिल नाडु, तेलंगाना, लक्षद्वीप और पुदुचेरी में मानसून सक्रिय रहने की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है।
सक्रिय मानसून के चलते 12-15 जून के बीच कर्नाटक में जोरदार बारिश के आसार हैं। कोंकण और गोवा में कुछ स्थानों पर 13-15 जून के दौरान अत्यधिक भारी वर्षा होने के संकेत मिले हैं।
पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर अगले दो तीन दिनों में हल्की वर्षा जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में इस सप्ताह बारिश होने की उम्मीद है।
जम्मू- कश्मीर और पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी के हालत बने हुए हैं। केरल, तटीय कर्नाटक, मिजोरम, गोवा, तमिलनाडु, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हुई।
मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कल से दो दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है। मराठवाड़ा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, मराठवाड़ा, जम्मू-कश्मीर, विदर्भ, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मध्य महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवा चली।
इस बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश के गरज, बिजली और आंधी तूफान की संभावना है। विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा में आज से अगले दो तीन दिनों तक बारिश होने है।