Google I/O 2025 के कार्यक्रम में इस बार कई बड़े ऐलान किए गए हैं। कार्यक्रम का मुख्य फोकस AI और Gemini AI रहा।

वैसे तो Google I/O 2025 के कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और Gemini AI रहा। मगर सबसे दिलचस्प फीचर की बात करें तो वह है Google Meet में आने वाला रियल टाइम वॉयस ट्रांसलेशन टूल।
Google Meet में आने वाला रियल टाइम वॉयस ट्रांसलेशन टूल एआई आधारित फीचर वीडियो कॉल के दौरान दो अलग-अलग भाषाओं में बातचीत करने वालों के बीच भी संवाद को सरल बनाएगा।
इसके अलावा Gmail में एक नया एआई फीचर भी जोड़ा गया है। ‘पर्सनलाइज़्ड स्मार्ट रिप्लाई’ नाम का यह फीचर यूज़र्स को ईमेल की बातचीत के अनुसार स्मार्ट, कॉन्टेक्स्ट-आधारित जवाब सुझाएगा।
फीचर का एक छोटा डेमो दिखाते हुए गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने बताया कि यह सिर्फ स्क्रीन पर सबटाइटल दिखाने तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि वक्ता की आवाज को दूसरी भाषा में अनुवाद करेगा और वह भी इस तरह कि मूल आवाज का टोन, एक्सप्रेशन और बोलने की शैली भी बनी रहेगी।
अनुवादित आवाज को इस तरह डिजाइन किया गया है जिससे टेक्स्ट-टू-स्पीच सिस्टम का आभास नहीं होगा। इस तकनीक के लिए कम लेटेंसी में प्रोसेसिंग और वॉयस सिंथेसिस को संभव बनाने वाली Gemini AI की मदद ली गई है। यही कारण है कि बोलने वाले की असली आवाज से मेल खाने के साथ बातचीत ज्यादा नैचुरल और पर्सनल महसूस होती है।
इसके डेमो के लिए दिखाए गए वीडियो में एक स्पेनिश यूज़र एक अंग्रेज़ी बोलने वाले से Google Meet के माध्यम से बगैर किसी रुकावट सहजता से बात कर रहा है।
बीटा वर्ज़न के रूप में Google AI Pro और Ultra प्लान का यह फीचर प्रारम्भ में केवल अंग्रेज़ी और स्पेनिश के बीच अनुवाद सपोर्ट कर सकेगा। उम्मीद है कि आने वाले सप्ताह में दूसरी भाषाओं को भी यह सहयोग मिल सकेगा।
Google का कहना है कि वह वर्कस्पेस बिज़नेस यूज़र्स के लिए इस फीचर का एंटरप्राइज वर्ज़न भी टेस्ट कर रहा है। इस वर्ष के अंत में चुनिंदा कॉरपोरेट क्लाइंट्स के साथ इसका ट्रायल शुरू किया जाएगा।
