गोवा के डीजीपी ने लोगों से की ‘ऐ दिल है मुश्किल’ फिल्म के बहिष्कार की अपील

गोवा। पुलिस महानिदेशक मुक्तेश चंदर ने ट्विटर पर लोगों से करण जौहर की हालिया फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ का बहिष्कार करने की अपील की है। मुक्तेश चंदर ने यह अपील इसलिए की है क्योंकि इस फिल्म महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफी का कथित तौर पर अपमान किया गया है। दरअसल गोवा के डीजीपी मुक्तेश चंदर फिल्म के एक संवाद से दुखी हैं, जिसमें रफी के गायन की तुलना रोने से की गयी है। फिल्म के एक दृश्य में दिखाया गया है कि अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अभिनेता रणबीर कपूर से कहती हैं, ‘मोहम्मद रफी? वो गाते कम, रोते ज्यादा थे ना?’ goa dgp

goa dgp

गौरतलब है कि महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफी के बेटे शाहिद रफी ने फिल्म के इस संवाद को लेकर आपत्ति प्रकट की है। शाहिद ने कहा, ‘यह बहुत ही अपमानजनक है। मुझे करण जौहर पर शर्म आ रही है। मुझे उनसे यह उम्मीद नहीं थी। मेरे पिता ने करण जौहर के पिता यश जौहर के लिए गीत गाए और अब उन्होंने यह किया है। मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है।’ यह फिल्म पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान के इसका हिस्सा होने के कारण पहले ही विवादों में रह चुकी है।

गोवा के डीजीपी मुक्तेश चंदर ने ट्वीट कर कहा, ‘मोहम्मद रफी भारत के महानतम गायकों में से एक रहे हैं और उनको किसी के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। अगर आप रफी के प्रशंसक हैं तो इस फिल्म का बहिष्कार करिए।’ वर्ष 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी ने एक राष्ट्रीय समाचार पत्र की एक खबर का भी हवाला दिया है। इस समाचार पत्र ने दिवंगत गायक के बेटे शाहिद रफी का साक्षात्कार किया है। हालांकि, मुक्तेश चंदर से उनकी इस अपील के बारे में मीडिया ने सम्पर्क करने की कोशिश की तो वे बयान देने के लिए उपलब्ध नहीं थे। उनके कार्यालय ने इस बात की पुष्टि की है कि वह एक आधिकारिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली में हैं।

www.naqeebnews.com

# goa dgp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *