IPL-10: गौतम के गंभीर अर्धशतक की बदौलत केकेआर ने पंजाब को हराया

कोलकाता : गेंदबाजों के कमाल के बाद कप्तान गौतम गंभीर के उम्दा अर्धशतक से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में आठ विकेट से जीत दर्ज की. Gambhir

Gambhir

पंजाब के 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने गंभीर (नाबाद 72) की सुनील नारायण (18 गेंद में 37 रन) के साथ पहले विकेट की 76, रोबिन उथप्पा (16 गेंद में 26 रन) के साथ दूसरे विकेट की 40 और मनीष पांडे (16 गेंद में नाबाद 25) के साथ तीसरे विकेट की 55 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत 16.3 ओवर दो विकेट पर 171 रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया.

गंभीर ने 49 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके मारे. पंजाब के खिलाफ केकेआर की यह लगातार आठवीं जीत है. इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब की टीम उमेश यादव (33 रन पर चार विकेट) और क्रिस वोक्स (30 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी. पंजाब का कोई भी बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाया.

सलामी बल्लेबाज मनन वोहरा और डेविड मिलर ने सर्वाधिक 28-28 रन बनाए जबकि सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला, कप्तान ग्लेन मैक्सवेल और रिद्धिमान साहा ने 25-25 रन की पारी खेली. लक्ष्य का पीछा करने उतरे केकेआर को गंभीर और नारायण की सलामी जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दिलाई. नारायण ने संदीप शर्मा जबकि गंभीर ने इशांत शर्मा पर चौके के साथ खाता खोला.

नारायण ने संदीप पर पारी का पहला छक्का मारा जबकि गंभीर ने इसी ओवर में लगातार दो चौके मारे. मैक्सवेल के पारी के पांचवें ओवर में नारायण और गंभीर दोनों ने दो-दो चौके मारे.

नारायण ने वरुण आरोन का स्वागत लगातार गेंदों पर दो छक्कों और चौके के साथ किया लेकिन अगली गेंद पर अक्षर पटेल को कैच दे बैठे.

उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के मारे. केकेआर ने पावर प्ले में एक विकेट पर 76 रन बनाए जो आईपीएल में पहले छह ओवर में उसका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है.

गंभीर ने मोहित शर्मा के पहले ओवर में चौका मारा जबकि उथप्पा ने भी छक्का जड़ा. दोनों ने नौवें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया.

उथप्पा इसके बाद अक्षर पटेल की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हुए. गंभीर ने अक्षर की गेंद पर एक रन के साथ 34 गेंद में अपना 33वां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया.

केकेआर को अंतिम छह ओवर में जीत के लिए सिर्फ 23 रन की दरकार थी और उसे यह लक्ष्य हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई.

www.naqeebnews.com

# Gambhir

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *