अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉर्ज शुल्ट्ज नहीं रहे

वाशिंगटन 08 फरवरी : अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉर्ज पी. शुल्ट्ज का कैलिफोर्निया स्थित उनके निवास पर निधन हो गया है। वह 100 वर्ष के थे।

स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय के हूवर इंस्टीट्यूशन ने रविवार को यह जानकारी दी, जहां श्री शुल्ट्ज ने 30 वर्ष से अधिक समय तक काम किया था।

हूवर इंस्टीट्यूशन ने एक बयान में बताया कि अमेरिका के सबसे बेहतरीन नीति निर्धारकों में से एक, तीन अमेरिकी राष्ट्रपतियों के साथ काम कर चुके श्री शुल्ट्ज का छह फरवरी को निधन हो गया। उनके निधन के कारण के बारे में हालांकि जानकारी नहीं दी गयी है। उनके परिवार में पत्नी शार्लोट मायलियार्ड शुल्ट्ज, उनके पांच बच्चे, मार्गरेट एन टिल्सवर्थ, कैथली प्रैट शुल्ट्ज जोर्गेनसेन, पीटर मिल्टन शुल्टज, बारबरा लेनोक्स शुल्ट्ज व्हाइट, और अलेक्जेंडर जॉर्ज शुल्ट्ज हैं।

श्री शुल्ट्ज का जन्म न्यूयॉर्क शहर में 13 दिसंबर 1920 को हुआ था और पालन-पोषण न्यूजर्सी के एंगलवुड में हुआ। उन्होंने 1942 में प्रिंसटन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री प्राप्त की और इसके तुरंत बाद अमेरिकी नौसेना में भर्ती हो गये, जहां उन्होंने 1945 तक काम किया।

बयान में कहा गया कि श्री शुल्ट्ज को देश के इतिहास में सबसे प्रभावशाली मंत्रियाें में से एक के रूप में याद किया जाता है। जीवन पर्यन्त रिपब्लिकन पार्टी से ताल्लुक रखने वाले श्री शुल्ट्ज ने मंत्रिमंडल में कई पद संभाले। उन्होंने 1980 के दशक में शीत युद्ध के दौरान सोवियत संघ के साथ संबंधों में सुधार करने और पश्चिम एशिया में शांति बनाने की कोशिश की। वह राष्ट्रपति रिचर्ड एम. निक्सन के कार्यकाल में श्रम मंत्री और वित्त मंत्री थे। वहीं राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के कार्यकाल में वह विदेश मंत्री रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *