पाकिस्तान की गोलीबारी में बीएसएफ के चार जवान शहीद, तीन घायल

जम्मू। जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से की गयी गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक सहायक कमांडेंट रैंक के अधिकारी समेत चार कर्मी शहीद हो गए और तीन अन्य घायल हो गए। बीएसएफ (जम्मू फ्रंटियर) के आईजी राम अवतार ने कहा , ” पाकिस्तानी रेंजर्स ने कल रात रामगढ़ सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की। हमने एक सहायक कमांडेंट रैंक के अधिकारी समेत चार सुरक्षाकर्मियों को खो दिया है जबकि हमारे तीन अन्य जवान घायल हो गए हैं। ’’

उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स और बीएसएफ हाल ही में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम के लिए सहमत हुए थे लेकिन पाकिस्तानी बल ने सीमा पार से गोलीबारी कर इसका उल्लंघन किया। जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एस पी वैद ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया। हालांकि उन्होंने अपने ट्वीट में घायलों की संख्या पांच बताई।

 

उन्होंने कहा , ” जम्मू के रामगढ़ सेक्टर में सीमा पार से गोलीबारी में एक सहायक कमांडेंट समेत बीएसएफ के चार जवान शहीद हो गए और पांच घायल हो गये। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के प्रति है। ’’ एक बयान में बीएसएफ ने बताया , ” रात करीब 9 बजकर 40 मिनट पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने पोस्ट अशरफ से बीओपी चामलियाल पर बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी।’’ बयान में बताया गया है , ” बिना उकसावे की इस गोलीबारी का जवाब देते हुए सहायक कमांडेंट जितेन्द्र सिंह , एसआई रजनीश , एएसआई रामनिवास और कांस्टेबल हंसराज शहीद हो गये। तीन अन्य जवान घायल हो गये। बीएसएफ के घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ’’

एक पुलिस अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि रामगढ़ सेक्टर के चमलियाल पोस्ट इलाके में सीमापार से गोलीबारी कल रात करीब साढ़े दस बजे शुरू हुई और तड़के साढ़े चार बजे तक जारी रही। अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ जवानों ने भी गोलीबारी का जवाब दिया। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस महीने यह संघर्ष विराम उल्लंघन की दूसरी बड़ी घटना है और 29 मई को दोनों देशों के डीजीएमओ के बीच 2003 के संघर्षविराम समझौते को अक्षरश : लागू करने पर राजी होने के बावजूद यह घटना हुई है।

 

गत तीन जून को प्रागवाल , कानाचक और खौर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की भारी गोलाबारी और गोलीबारी में एक सहायक उप निरीक्षक समेत दो बीएसएफ जवान शहीद हो गए थे और दस लोग घायल हो गए थे। पाकिस्तान द्बारा संघर्ष विराम उल्लंघन की इस ताजा घटना के साथ ही इस साल सीमा पर मृतकों की संख्या 50 पर पहुंच गई है जिनमें 24 जवान शामिल हैं।

 

पिछले महीने 15 मई और 23 मई के बीच पाकिस्तान की ओर से भारी गोलीबारी के कारण जम्मू , कठुआ और सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रह रहे हजारों लोगों को अपने घरों को छोड़कर जाना पड़ा था। इस दौरान गोलीबारी में दो बीएसएफ जवान और एक शिशु समेत 12 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *