फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर जो एलान किया है वह ‘सरकार 4’ की खबर दे रहा है। उन्होंने अपनी पॉलिटिकल क्राइम फ्रेंचाइजी ‘सरकार’ की चौथी किस्त के बारे में जानकारी दी है।

राम गोपाल वर्मा ने यह जानकारी बीते दिन शुक्रवार को ‘रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल’ में दी, जहां उनकी मशहूर फिल्म ‘शिवा’ का प्रदर्शन किया गया। ‘रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल’ के दौरान राम गोपाल ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स पर बात की। उन्होंने कहा कि वह सरकार 4 के साथ वापसी करने जा रहे हैं। उनके प्रोजेक्ट में ‘सरकार 4’ के अलावा एक थ्रिलर फिल्म ‘सिंडिकेट’ भी शामिल है।
अमिताभ बच्चन करीब एक दशक पहले ‘सरकार’ के रूप में सामने आए थे। राम गोपाल वर्मा ने बताया है कि फिल्म की शूटिंग अगले महीने शुरू हो सकती है। हालांकि, फिल्म के कलाकारों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
राम गोपाल के इस एलान के बाद आयोजन में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। डायरेक्टर ने आगे कहा, ‘बहुत समय बाद मैं हाल ही में मुंबई लौटा और मैंने एक फैसला किया कि अब बहुत हो गया। यह शायद एक बहुत ही बड़ा बयान लग सकता है, लेकिन मैंने तय किया कि मैं एक ऐसी फिल्म बनाना चाहता हूं जो मेरे सारे पाप धो दे और सबको हैरान कर दे। इस फिल्म का नाम ‘सिंडिकेट’ है। मैं ‘सरकार 4′ भी बना रहा हूं।’
बताते चलें कि अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन की ‘सरकार’ फ्रैंचाइजी एक पॉलिटिकल क्राइम थ्रिलर है जिसकी जड़ें महाराष्ट्र के सामाजिक-राजनीतिक पर आधारित है। इन फिल्मों की कहानी एक शक्तिशाली ‘नागरे’ परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका नेतृत्व ‘सुभाष नागरे’ करता है। सुभाष नागरे के किरदार को अमिताभ बच्चन ने निभाया है।











