‘स्कैम 1992’ की जबरदस्त सफलता के बाद अब इस फ्रेंचाइजी का अगला चैप्टर ‘स्कैम 2010’ आने वाला है। जानिए सिरीज में क्या कुछ होगा खास। ‘स्कैम 1992’ को भारत की सबसे पसंदीदा वेब सिरीज में गिना जाता है। यही कारण है कि अब इसके अगले चैप्टर पर बात हो रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़ अब इसका अगला चैप्टर आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। सोनी लिव, बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने ‘स्कैम 2010’ की शूटिंग शुरू भी कर दी है। सोनी लिव ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी शेयर की है। जिसमें उन्होंने बताया है कि ‘स्कैम 2010’ अब फ्लोर पर आ चुकी है और इसकी शूटिंग शुरू हो गई है।
जानकारी के मुताबिक़, इस बार किस स्कैम और किरदार को पेश किया जाएगा, इसे लेकर मेकर्स ने सस्पेंस बरकरार रखा है। इस पोस्ट की जानकारी के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का एक्साइटमेंट बढ़ा हुआ देखा गया है। फैंस इस पोस्ट में ही मैसेज कर पूछ रहे है कि आखिर किस के काले जुर्मों का हिसाब होगा।
‘स्कैम 2010’ के ज़रिए एक ऐसे शख्स की कहानी सामने आ सकेगी जिसने छोटी बचत योजनाओं से शुरुआत की और धीरे-धीरे एक विशाल बिजनेस एम्पायर खड़ा कर लिया।यहाँ कहानी का केंद्र इस बात से जुड़ा है कि किस तरह विश्वास के आधार पर एक बड़ा साम्राज्य खड़ा होता है और फिर वही विश्वास खत्म होने के बाद सब कुछ ख़त्म हो जाता है। इस कहानी में संघर्ष, महत्वाकांक्षा, बढ़ते प्रभाव और फिर लोगों की नजरों में आने के बाद पैदा हुए विवादों को को खास जगह दी गई है।
सिरीज़ से जुडी टीम की बात करें तो ‘स्कैम 2010’ में अभिनेता सिद्धार्थ बोडके मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। निर्देशन की ज़िम्मेदारी नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर हंसल मेहता ने संभाली है।
फिलहाल इस सिरीज की शूटिंग जारी है और यह जल्द ही सोनी लिव पर एक्सक्लूसिव तौर पर स्ट्रीम होगी। सिद्धार्थ बोडके ने अपने किरदार में मौजूद जटिलता के साथ शो के बड़े स्केल को काफी पसंद किया है। ‘स्कैम 2010’ को बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है।