यूपी में ऑनर किलिंग, बेटी और उसके प्रेमी का कत्ल

शामली। यूपी के शामली जिले में थानाभवन क्षेत्र के जलालाबाद के समीप गांव चंदेनामाल में देर रात्रि घर में युवती को प्रेमी के साथ देख लेने से खफा युवती के पिता और उसके भाई ने दोनों की हत्या कर दी। दोनों की हत्याओं को अंजाम देकर पिता व पुत्र दोनों खुद ही थाने पहुंच गए और प्रेमी युगल की हत्या करना कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया।

crime 02

इससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। रातोंरात ही पुलिस ने गांव में पहुंचकर दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले में किसी प्रकार का बवाल न हो इसके लिए पुलिस ने आरोपी पिता और पुत्र को अन्य स्थान पर ले गए।

चंदेनामाल निवासी एक युवती की मां अपने मायके गई हुई थी। बताया जा रहा है कि रात में लड़की का पिता मुकेश घर के पास ही घेर में सो रहा था। उसका पुत्र दीपक भी उसके साथ था। बताया जा रहा है कि रात करीब डेढ़ बजे मुकेश की आंख खुली। वह घर में चक्कर लगाने चला गया। बताया जा रहा है कि उसे घर के अंदर अपनी बेटी और गांव के ही एक युवक को एक साथ देख लिया।

इससे आगबबूला होकर मुकेश ने अपने बेटे दीपक को बुलाया और उसकी मदद से गला दबाकर दोनों की हत्या कर दी। दोनों ही हत्या को अंजाम देकर वे थानाभवन थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने में पहुंचकर जब पुत्री और उसके प्रेमी की हत्या के बारे में बताया तो पुलिस में हड़कंप मच गया। रात में ही पुलिस चंदेनामाल पहुंची और युवक-युवती के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाने में किसी प्रकार का बवंडर खड़ा न होने इसके लिए पुलिस ने दोनों आरोपी पिता पुत्र को छिपाकर रखा है। समाचार लिखे जाने तक थानाभवन थाने में दोनों पक्षों के लोग जमा थे। अभी युवक पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *