बिलिनेयर शाहरुख के पान मसाला प्रचार पर ध्रुव राठी ने उठाया सवाल

चर्चित यूट्यूबर ध्रुव राठी ने शाहरुख खान के बिलिनेयर बनने के बावजूद पान मसाला का प्रचार करने पर सवाल उठाया है। ध्रुव राठी ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की संपत्ति की जानकारी वाला एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में ध्रुव ने उन रिपोर्टों पर चर्चा की जिनमें दावा किया गया था कि जवान अभिनेता अब दुनिया के सबसे अमीर अभिनेताओं में से एक हैं।

बिलिनेयर शाहरुख के पान मसाला प्रचार पर ध्रुव राठी ने उठाया सवाल

राठी के अनुसार, शाहरुख खान की कुल संपत्ति 1.4 बिलियन डॉलर (लगभग 12,400 करोड़ रुपये) है। ऐसे में ध्रुव राठी ने शाहरुख के पान मसाला ब्रांड को बढ़ावा देने के फैसले पर सवाल उठाया है। इस वीडियो के माध्यम से ध्रुव ने लोगों से अपील की है कि वह इस वीडियो को इतना प्रसारित करें कि यह शाहरुख खान तक पहुंच जाए। हालाँकि अभीतक इस मामले पर शाहरुख का कोई जवाब नहीं आया है। जबकि इस बीच शाहरुख खान का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में ध्रुव राठी कहते हैं कि ‘शाहरुख खान बिलिनेयर बन चुके हैं। उनकी नेट वर्थ 1.4 बिलियन पहुंच चुकी है। रुपयों में कहा जाए तो करीब 12400 करोड़ होता है।’ इसके बाद उन्होंने शाहरुख के पान मसाला ब्रांड को बढ़ावा देने के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा ‘मेरा शाहरुख खान से सवाल यह है कि क्या इतने पैसे काफी नहीं है? अगर काफी हैं तो क्या मजबूरी पड़ी कि पान मसाला जैसी हानिकारक चीज को आप अभी भी प्रमोट कर रहे हो?’

इस वीडियो में उन्होंने धूम्रपान और कोल्ड ड्रिंक के प्रचार पर अपनी बात रखी थी। यहाँ शाहरुख़ को कहते सुना जा सकता है- ‘मैं अधिकारियों से अपील करूंगा कि इस पर प्रतिबंध लगाया जाए। इसे हमारे देश में बिकने मत दो। अगर धूम्रपान बुरा है, तो इस देश में सिगरेट का उत्पादन मत होने दो। अगर आपको लगता है कि कोल्ड ड्रिंक्स बुरी हैं, तो मत बनने दो।’

आगे शाहरुख कहते हैं-‘देखिए, मेरा तर्क यह है कि आप इसे इसलिए नहीं रोक रहे हैं क्योंकि इससे आपको राजस्व मिलता है। ईमानदारी से कहें तो अगर आपको लगता है कि कुछ उत्पाद हानिकारक हैं, तो आप उन्हें नहीं रोक रहे हैं क्योंकि वे सरकार के लिए राजस्व हैं। मेरा राजस्व मत रोकिए। मैं एक अभिनेता हूं। मुझे काम करना है और उससे राजस्व प्राप्त करना है। बिल्कुल साफ है, अगर आपको लगता है कि कुछ गलत है, तो उसे रोक दीजिए। कोई समस्या नहीं है, बस उसे बनाना बंद कर दीजिए।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *