इथियोपिया के हैली गुबी ज्वालामुखी में होने वाले विस्फोट को भारत तक महसूस किया जा रहा है। करीब 12,000 साल बाद होने वाले इस विस्फोट से लाल सागर पार करती राख की मोटी परत भारत की सरहद में भी दाखिल हो चुकी है।

ज्वालामुखी की यह राख दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिमी यूपी के ऊपर से गुजर रही है। जिसके चलते घने बादल की वजह से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। डीजीसीए ने एयरलाइनों को प्रभावित क्षेत्रों से बचने, रूट बदलने और सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
करीब 12,000 साल बाद पूर्वी अफ्रीकी देश इथियोपिया के हैली गुबी ज्वालामुखी में होने वाले विस्फोट से निकले राख का विशाल गुबार अब भारत के आसमान तक पहुंच गया है। इस धुंध के कारण उड़ान संचालन को लेकर बड़ी चुनौती सामने आई है।
ऐसे में डीजीसीए यानी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करने के आदेश दिए हैं। एयरलाइनों को प्रभावित क्षेत्रों से बचने, रूट बदलने और सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जारी बयान के अनुसार इसका सबसे ज्यादा असर अभी तक दिल्ली-एनसीआर व उत्तर भारत के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।
बताते चलें कि रविवार को लगभग 12,000 साल बाद इथोपिया का हैली गुबी ज्वालामुखी फटा है। विस्फोट में उठी राख लाल सागर को पार करती हुई यमन और ओमान के रास्ते अब अरब सागर और उत्तर भारत तक फैल गई है।
यह राख अब दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी यूपी के ऊपर तक फैल चुकी है। विशेषज्ञों का कहना है कि राख बहुत ऊंचाई पर है, इसलिए जमीन पर वायु गुणवत्ता बिगड़ने की संभावना कम है। फिर भी निगरानी की जा रही है।
डीजीसीए ने सभी एयरलाइनों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राख वाले इलाकों और ऊंचाइयों से उड़ानें न भरी जाएं। एयरलाइनों को उड़ान मार्ग और ईंधन की योजना बदलने, किसी भी संदिग्ध राख-संबंधी घटना जैसे इंजन में समस्या या केबिन में धुआं या गंध की तुरंत रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एयरलाइन ने यात्रियों को पूरा पैसा वापस या सात दिन के भीतर मुफ्त रि-बुकिंग का विकल्प दिया है। एअर इंडिया ने कुछ उड़ानें रद्द कर दी हैं। मुसाफिर इन रद्द उड़ानों की जानकारी अपने एजेंट या एयरलाइन से डायरेक्ट प्राप्त कर सकते हैं।
राख के खतरे को देखते हुए अकासा एयर ने जेद्दा, कुवैत और अबू धाबी के लिए 24-25 नवंबर की सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। केएलएम रॉयल डच एयरलाइंस ने अपनी एम्स्टर्डम-दिल्ली (KL 871) और दिल्ली-एम्स्टर्डम (KL 872) सेवाएं रद्द की हैं।
इंडिगो एयरलाइन ने एक्स पर कहा कि ऐसी खबरें चिंता बढ़ा सकती हैं, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इंडिगो ने भी यात्रियों से सतर्कता बरतने की सलाह देने के साथ कई उड़ानों के रूट और संचालन में बदलाव किया है।
एयरपोर्ट्स को लेकर डीजीसीए की एडवाइजरी में भी अहम निर्देश दिए गए है। एयरलाइनों और एयरपोर्ट्स को सैटेलाइट तस्वीरों और मौसम विभाग से लगातार अपडेट लेने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही एयरपोर्ट्स को भी रनवे, टैक्सीवे और एप्रन पर राख की जांच करनी होगी और जरूरत पड़ने पर संचालन रोकना होगा।















