भारत की पहली महिला विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाने के लिए उत्तर प्रदेश की स्टार क्रिकेटर दीप्ति शर्मा को राज्य सरकार सम्मानित करेगी। इस उपलब्धि पर दीप्ति शर्मा को सरकारी नीति के तहत 1.5 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि दीप्ति शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीतकर न केवल भारत बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, विश्व कप में विजेता टीम में खेलने वाली राज्य की खिलाड़ियों को 1.5 करोड़ रुपये, उपविजेता टीम के सदस्यों को 75 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम के सदस्यों को 50 लाख रुपये मिलेंगे। मूल रूप से आगरा की रहने वाली दीप्ति को इस हिसाब से 1.5 करोड़ रुपये मिलेंगे।
अनुमान है कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में दीप्ति शर्मा को सम्मानित किए जाने की संभावना है। इस बारे में डॉक्टर सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि महिला क्रिकेट में दीप्ति शर्मा के यादगार प्रदर्शन को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। हालाँकि सम्मान समारोह की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन इसके भी जल्द हीघोषित किए जाने की उम्मीद है।















