चक्रवात जवाद से चलेंगी तूफानी हवाएं और होगी बारिश

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव ‘जवाद’ चक्रवात में बदलता नज़र आ रहा है। अनुमान है कि चक्रवात जवाद रविवार को ओडिशा पहुंच सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा चक्रवात जवाद से सम्बंधित जानकारी दी गई है।

चक्रवात जवाद से चलेंगी तूफानी हवाएं और होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात से जिन इलाकों को सबसे ज्यादा नुकसान हो सकता है उनमें उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापत्तनम जिले शामिल हैं। इसके अलावा ओडिशा के गजपति, गंजाम, पुरी, नयागढ़, खुर्दा, कटक, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा जिले के कई इलाके भी इसकी चपेट में हैं। चक्रवात जवाद के कारण आज आंध्र प्रदेश से लेकर ओडिशा के कई इलाकों में बारिश की आशंका है।

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के अनुसार इस चक्रवात के उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट के पास पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी पहुंचने की आशंका है। यह तूफान ओडिशा और निकटवर्ती आंध्र प्रदेश के तट के पास से होते हुए उत्तर-पूर्वोत्तर की ओर आगे बढ़ेगा।

मौसम विभाग की माने तो 65 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से उत्तरी आंध्र प्रदेश तट और ओडिशा तट के पास तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि ये हवाएं अगले 12 घंटों तक चल सकती हैं। मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि चक्रवाती तूफान अस्थायी समय के लिए समुद्र में बड़े तूफान में बदल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *