Corona virus: चीन में कम हुआ, लेकिन 26 दूसरे देश आ रहे चपेट में, इटली हुआ ‘लॉक’

चीन में फैले कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को खतरे में डाल दिया है। अब यह दूसरे देशों में भी तेजी से पैर पसार रहा है। दरअसल, कोरोना को लेकर ताजा खबर यह है कि चीन में तो इसे कंट्रोल करने में कुछ हद तक सफलता मिली है, लेकिन दुनिया के दूसरे देशों में इसका संक्रमण फैल रहा है।

डब्‍लूएचओ के मुताबिक चीन में शनिवार को कोरोना वायरस के नए मामलों में थोडी गिरावट देखी गई है, लेकिन अब दूसरे देश इसकी चपेट में आने लगे हैं।

चीन में शनिवार को 397 मामलों की पुष्टि हुई, जो कि एक दिन पहले के 889 से काफी कम है। दूसरी तरफ दक्षिण कोरिया, ईरान, इटली और लेबनान में यह वायरस तेजी से लोगों को चपेट में ले रहा है। इटली में कई शहरों को कुछ हफ्तों तक के लिए पूरी तरह से ‘लॉक’ कर दिया गया है।

दक्षिण कोरिया की मेडिकल टीम के मुताबिक शनिवार को इस वायरस के पुष्ट मामलों की संख्या दोगुनी होकर 433 तक पहुंच गई है। यह संख्या 1 हजार के पार पहुंच सकती है। एक चर्च में एकत्रित हुए लोगों में फ्लू जैसे लक्षण हैं। ईरान में इस सप्ताह की शुरुआत तक एक भी व्यक्ति इस वायरस से पीड़ित नहीं था, लेकिन शनिवार को 10 नए मामले सामने आए और 2 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 29 लोग कोरोना से पीड़ित हैं और 6 लोगों की जान जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *