कांग्रेस ‘वोट चोरी’ के खिलाफ राहुल गांधी के अभियान को राष्ट्रव्यापी बनाएगी

‘वोट चोरी’ जैसे मामले पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इसके लिए सोमवार को पार्टी नेताओं की बैठक में रणनीति पर चर्चा की जाएगी। यह जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी।

कांग्रेस ‘वोट चोरी' के खिलाफ राहुल गांधी के अभियान को राष्ट्रव्यापी बनाएगी

शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने कहा कि जिस प्रकार बापू (महात्मा गांधी) ने भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान हमें ‘करो या मरो’ का नारा दिया था, उसी प्रकार आज हमें भारतीय लोकतंत्र को बचाने के लिए उसी प्रकार ‘करो या मरो’ के मिशन पर चलना होगा।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में वेणुगोपाल ने कहा- ‘‘मतदाता सूची में हेराफेरी और चुनाव धोखाधड़ी के खिलाफ पार्टी के आगे के राष्ट्रव्यापी अभियान पर चर्चा करने के लिए, जैसा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी ने उजागर किया है, एआईसीसी महासचिवों, प्रभारियों और फ्रंटल संगठन प्रमुखों की एक बैठक 11 अगस्त को शाम 4:30 बजे 24 अकबर रोड पर होगी, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी करेंगे।’’


जिस प्रकार बापू (महात्मा गांधी) ने भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान हमें ‘करो या मरो’ का नारा दिया था, उसी प्रकार आज हमें भारतीय लोकतंत्र को बचाने के लिए ‘करो या मरो’ के मिशन पर चलना होगा-कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल


उन्होंने आगे यह भी बताया कि शनिवार 9 अगस्त को इस चुनावी धोखाधड़ी में बीजेपी और चुनाव आयोग की सांठगांठ को उजागर करने के लिए देश भर में विभिन्न प्रदेश कांग्रेस समितियां राज्य मुख्यालयों पर राहुल गांधी की ऐतिहासिक प्रेस कॉन्फ्रेंस का प्रसारण करेंगी। साथ ही लोगों को राहुल गांधी द्वारा किए गए खुलासों की जानकारी देंगी।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के सामने 5 सवाल रखते हुए यह जानना चाहा है कि देश इन सवालों का जवाब चाहता है-
पहला– विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट क्यों नहीं मिल रही? क्या छिपा रहे हो?
दूसरा- सीसीटीवी और वीडियो सबूत मिटाए जा रहे हैं, क्यों? किसके कहने पर?
तीसरा- फर्जी वोटिंग और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की गई, क्यों?
चौथा- विपक्षी नेताओं को धमकाना, डराना, क्यों?
पांचवां- साफ-साफ बताओ, क्या ईसीआई अब भाजपा का एजेंट बन चुका है?

इन सवालों के बाद राहुल गाँधी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र बेशकीमती है, इसकी चोरी का अंजाम बहुत भयानक होगा। अब जनता बोल रही है, बहुत हुआ।

कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में हुई वोटिंग का हवाला देते हुए कांग्रेस के शोध पर राहुल गांधी ने कहा कि आंतरिक सर्वे के अनुसार कांग्रेस कर्नाटक में 16 सीटें जीतने वाले थी, लेकिन उन्हें नौ सीटें मिलीं।

आगे उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने सात अप्रत्याशित हारों पर ध्यान दिया और महादेवपुरा पर फोकस किया। सभी आंकड़े 2024 के चुनाव आयोग के हैं—कुल डाले गए वोट 6.26 लाख थे। भाजपा को 6,58,915 वोट मिले और वह 32,707 वोटों से जीती। लेकिन जब महादेवपुरा पर नजर डाली, तो कांग्रेस को 1,15,586 वोट और भाजपा को 2,29,632 वोट मिले। कांग्रेस ने बाकी सभी विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज की, लेकिन यहां हार गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *