बदले मौसम ने गिराया पारा, विभाग ने दिया कई राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 11 राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में आंधी और तूफान के साथ तेज बारिश की संभावना है। मौसम में आने वाले इस बदलाव के चलते इन राज्यों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश सहित ग्यारह राज्यों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस दौरान हवा की रफ़्तार 85 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है। नोएडा-गाजियाबाद समेत कई जिलों में आज ओले गिरने की चेतावनी दी गई हैं। अगले दो दिन ऐसे मौसम रहने का अनुमान है।

राजधानी लखनऊ में बारिश की वजह से तापमान में कमी आई हैं और सुबह से ही काले बादल छाए हुए हैं। बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटों में 6-8 डिग्री तक तेजी से गिरावट आएगी, जिसके बाद आने वाले दिनों में इतना ही तापमान बढ़ेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी है। ऐसे में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इस दौरान तेज हवा, बादल छाए रहने, बारिश और कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। एक या दो बार बारिश या आंधी-तूफान की संभावना है।

विभाग से मिली जानकारी में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में 8 और 9 अप्रैल को लखनऊ, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, हापुड़, मुजफ्फरनगर, ज्योतिबाफुले नगर, बरेली, संभल, बुलंदशहर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मोरादाबाद, पीलीभीत, सीतापुर, बाराबंकी, कन्नौज, फतेहपुर, कानपुर, प्रतापगढ़, बांदा और लखनऊ में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

राजधानी दिल्ली के हवाले से भी मौसम विभाग ने 8 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहाँ 9 अप्रैल को भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। उम्मीद है कि 10 अप्रैल के बाद मौसम साफ होगा और तापमान बढ़ेगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा की रफ्तार बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान में 2 – 3 डिग्री सेल्सियस की कमी से सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *