उत्तराखंड में बार-बार मुख्यमंत्री बदलना जनता का अपमान: कांग्रेस

नयी दिल्ली 03 जुलाई : कांग्रेस ने उत्तराखंड मे बार-बार मुख्यमंत्री बदले जाने की निंदा करते हुए इसे उत्तराखंड की जनता का अपमान बताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर लोगो के साथ धोखा कर रहा है।

उत्तराखंड में बार-बार मुख्यमंत्री बदलना जनता का अपमान कांग्रेस

कांग्रेस के उत्तराखंड के प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा प्रदेश में संवैधानिक बाध्यता का हवाला देकर राज्य में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर उत्तराखंड के लोगों को दिग्भ्रमित कर रही है।

श्री यादव ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे को उत्तराखंड की जनता के साथ धोखा बताया और कहा कि राज्य में प्रचंड बहुमत के बावजूद भाजपा के पास प्रदेश को चलाने के लिए कोई नेता नहीं है जो मुख्यमंत्री के रूप में प्रभावी तरीके से काम कर सके।

श्री सुरजेवाला ने इस बदलाव को उत्तराखंड की जनता के साथ ज्यादती, जुल्म तथा धोखा बताया और कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व उत्तराखंड के विकास को अवरुद्ध कर प्रदेश की जनता के साथ धोखा कर रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अस्वस्थ होने के कारण फोन पर ही संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री को बार-बार बदलने की कवायद को निंदनीय करार दिया और कहा कि आए दिन इस तरह का भाजपा का हाई ड्रामा राज्य की जनता का अपमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *