महिलाओं में कैंसर का चौथा सबसे आम रूप सर्वाइकल कैंसर है। दुनियाभर की महिलाओं को बड़ी संख्या में इस स्वास्थ्य चुनौती का सामना करना पड़ता है। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष ने चेतावनी दी है कि इस बीमारी से हर दो मिनट में एक महिला की मौत हो जाती है।

साल के पहले महीने में यूएन स्वास्थ्य एजेंसी कैंसर जागरूकता अभियान के ज़रिये यह सन्देश देती है कि इस बीमारी की रोकथाम व उपचार दोनों सम्भव हैं।
सर्वाइकल कैंसर क्या है
सर्वाइकल कैंसर, प्रजनन अंग से जुड़ा एक कैंसर है, जो महिलाओं के सर्विक्स (गर्भाशय के निचले हिस्से) में विकसित होता है और यदि समय पर निदान नहीं हो या इलाज नहीं किया जाए तो यह कैंसर शरीर के अन्य हिस्सों में फैल सकता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वर्ष 2022 में दुनियाभर में 6 लाख 60 हज़ार महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले दर्ज किए गए और इस बीमारी से साढ़े 3 लाख महिलाओं की मौत हो ग।
सर्वाइकल कैंसर के लगभग सभी मामले, human papillomaviruses (HPV) नामक एक वायरस से संक्रमित होने की वजह से होते हैं, जोकि यौन सम्पर्क में आने से होता है। आमतौर पर शरीर का प्रतिरक्षण तंत्र इससे मुक़ाबला करता है लेकिन यदि यह संक्रमण बना रहे तो HPV के कुछ प्रकार कैंसर में तब्दील हो जाते हैं।
रोकथाम या उपचार
यदि समय पर निदान हो और कारगर उपचार उपलब्ध हो, तो इसका सफल उपचार किया जा सकता है। परीक्षण, टीकाकरण व समय पर उपचार से सर्वाइकल कैंसर से बचाव के साथ-साथ इसका इलाज भी किया जा सकता है। यूएन स्वास्थ्य एजेंसी ने 9-14 वर्ष की आयु की सभी लड़कियों के लिए HPV से बचाव के लिए टीकाकरण की अनुशंसा की है, जिसे यौन सक्रिय होने से पहले लगाया जाना अहम है।
साथ ही, 30 वर्ष की आयु से महिलाओं की सर्वाइकल जाँच कराई जानी चाहिए। एचआईवी की अवस्था में जीवन गुज़ार रही महिलाओं के लिए यह आयु 25 वर्ष है।
अन्तरराष्ट्रीय समुदाय के प्रयास
सर्वाइकल कैंसर के उन्मूलन के लक्ष्य के साथ 194 देशों ने वर्ष 2020 में एक वैश्विक रणनीति शुरू की थी, जिसे अब ‘विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस रणनीति के तहत 2030 तक, तीन लक्ष्य हासिल किए जाने हैं।
15 वर्ष की आयु तक, 90 प्रतिशत लड़कियों का HPV से बचाव के लिए पूर्ण टीकाकरण।
35 वर्ष की आयु तक 70 प्रतिशत महिलाओं का परीक्षण, और फिर 45 वर्ष में जाँच।
कैंसर का पता चलने के बाद 70 प्रतिशत महिलाओं के उपचार की व्यवस्था की गई है।















